मोतिहारी में सेक्स रैकेट का पर्दाफाश : पुलिस ने 4 महिलाओं और 2 दलाल को किया गिरफ्तार

Edited By:  |
motihari mai sex racket ka pardafash motihari mai sex racket ka pardafash

मोतिहारी: बड़ी खबरबिहार के मोतिहारी से है जहां पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर में संचालित एक सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है. छापेमारी के दौरान पुलिस ने 4 महिलाओं सहित दो पुरुष दलालों को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं मौके से आपत्तिजनक सामान,नकदी,स्कैनर मशीन,आधार कार्ड तथा अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की गई है. पुलिस ने सभी सामान जब्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.

जानकारी के अनुसार प्रशिक्षु डीएसपी कुमारी प्रियंका को एक लिखित आवेदन प्राप्त हुआ था,जिसमें छतौनी थाना क्षेत्र के छोटा बरियारपुर स्थित चीनी मिल के पास एक झोपड़ी नुमा घर में अवैध गतिविधि संचालित होने की सूचना दी गई थी. आवेदन में आरोप लगाया गया था कि वहां देह व्यापार का धंधा चलाया जा रहा है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए इसकी जानकारी तत्काल पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात को दी गई.

एसपी के निर्देश पर प्रशिक्षु आईपीएस हेमंत सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. गठित टीम ने गुप्त रूप से जांच करते हुए थाना क्षेत्र के सोना मती मंदिर के पास संदिग्ध स्थान पर छापेमारी की. छापेमारी के दौरान मौके से चार महिलाओं और दो पुरुष दलालों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने जब कमरे की तलाशी ली तो वहां से नकदी,स्कैनर मशीन,कई आधार कार्ड,कथित तौर पर शक्ति बढ़ाने वाली दवाएं तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार बरामद स्कैनर मशीन और आधार कार्ड को लेकर भी जांच की जा रही है कि कहीं किसी तरह की धोखाधड़ी या फर्जीवाड़े से इसका संबंध तो नहीं है. गिरफ्तार सभी आरोपियों को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है.

प्रशिक्षु आईपीएस हेमंत सिंह ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं. पुलिस का कहना है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

मोतिहारी से अमित कुमार की रिपोर्ट--