गिरिडीहः झारखंड के गिरिडीह जिले के मधुबन में आयोजित मारांग बुरु धोरोमगाढ़ महासम्मेलन को लेकर उत्साह चरम पर है। महासम्मेलन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। धार्मिक आस्था, आदिवासी संस्कृति और सामाजिक एकजुटता के प्रतीक इस भव्य आयोजन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री कुछ ही देर में मधुबन पहुंचकर धार्मिक सभा में भाग लेंगे और उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगे।
मधुबन थाना मैदान में बनाया गया विशाल पंडाल
महासम्मेलन को भव्य स्वरूप देने के लिए मधुबन थाना मैदान में विशाल पंडाल का निर्माण कराया गया है। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और आदिवासी समाज के लोग पहुंच रहे हैं। देश के विभिन्न राज्यों के अलावा नेपाल समेत अन्य स्थानों से भी लोगों के पहुंचने की जानकारी है।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। गिरिडीह के डीसी रामनिवास यादव और एसपी डॉ. बिमल कुमार स्वयं मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। इसके अलावा यातायात नियंत्रण, वाहनों की पार्किंग, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था भी की गई है, ताकि कार्यक्रम में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
पारंपरिक पूजा-अर्चना के साथ हुआ दो दिवसीय सम्मेलन का शुभारंभ
आपको बता दें कि बुधवार को मधुबन स्थित मांझी थान में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मारांग बुरु की पूजा-अर्चना कर दो दिवसीय धर्म महासम्मेलन का शुभारंभ किया गया था। इस आयोजन का उद्देश्य आदिवासी समाज की धार्मिक परंपराओं, संस्कृति और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करना है। महासम्मेलन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री के संबोधन पर टिकी निगाहें
महासम्मेलन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति को लेकर आदिवासी समाज में विशेष उत्साह है। अब सभी की निगाहें मुख्यमंत्री के आगमन और उनके संबोधन पर टिकी हैं। मधुबन में आयोजित यह महासम्मेलन धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
गिरिडीह नफीस अजहर की रिपोर्ट
BREAKING NEWS
Marang Buru Mahasammelan: कुछ ही देर में मधुबन पहुंचेंगे CM, महासम्मेलन में देश-विदेश से जुटे आदिवासी श्रद्धालु

