बोधगया : विश्व विरासत सप्ताह के अवसर पर बोधगया में ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष पदयात्रा निकाली गई. 19 नवंबर से 25 नवंबर तक आयोजित विश्व विरासत सप्ताह के तहत बिहार विरासत विकास समिति के कार्यपालक निदेशक प्रो. अनिल कुमार के नेतृत्व में इस पदयात्रा का आयोजन किया गया.
इसमें मगध विश्वविद्यालय के प्राचीन भारतीय एवं एशियाई अध्ययन विभाग तथा इतिहास विभाग के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. पदयात्रा की शुरुआत विश्व प्रसिद्ध महाबोधि मंदिर से हुई, जो बोधगया संग्रहालय तक पहुंची. इस दौरान विद्यार्थियों ने बोधगया की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों का परिभ्रमण किया.
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को भारत की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत, प्राचीन सभ्यता और सांस्कृतिक महत्व से परिचित कराना तथा ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के प्रति जागरूक करना है.
गौरतलब है कि विश्व प्रसिद्ध महाबोधि मंदिर न केवल बौद्ध धर्मावलंबियों की आस्था का प्रमुख केंद्र है, बल्कि यह भारत की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान का भी महत्वपूर्ण प्रतीक है. इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों को अपनी गौरवशाली विरासत को करीब से जानने और उसके संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी समझने का अवसर मिलता है.
बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट -
