बोधगया : बिहार के बोधगया में आगामी 2 दिसंबर से 12 दिसंबर तक विश्व धरोहर महाबोधि मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले 21वें अंतरराष्ट्रीय त्रिपिटक चार्टिंग समारोह को लेकर तैयारियां तेज हो गई है. समारोह में शामिल होने वाले बौद्ध भिक्षुओं, ननों और श्रद्धालुओं के लिए बोधगया के कालचक्र मैदान में काउंटर पर निःशुल्क रजिस्ट्रेशन की सुविधा शुरू कर दी गई है.
रजिस्ट्रेशन के प्रमुख डॉ. शशि कांत सिंह ने बताया कि भारत लगातार दूसरी बार इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी कर रहा है. अब तक 13 हजार से अधिक लोग अपना पंजीकरण करा चुके हैं. इनमें भारत के अलावा श्रीलंका, इंडोनेशिया, लाओस, नेपाल, बांग्लादेश, म्यांमार, ताइवान, अमेरिका, जापान और थाईलैंड समेत 26 से अधिक देशों के बौद्ध भिक्षु, नन और श्रद्धालु शामिल हैं.
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन, दोनों माध्यमों से रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था की गई है. समारोह में शामिल होने वाले पंजीकृत प्रतिभागियों के लिए रहने और भोजन की निःशुल्क व्यवस्था भी की जाएगी.
रजिस्ट्रेशन के दौरान पहचान पत्र के रूप में विदेशी नागरिकों से पासपोर्ट और वीजा, जबकि भारत के दूसरे राज्यों से आने वाले प्रतिभागियों से आधार कार्ड लिया जा रहा है.
डॉ. शशि कांत सिंह के अनुसार, रजिस्ट्रेशन के माध्यम से समारोह में शामिल होने वाले प्रतिभागियों की पूरी जानकारी और आंकड़ा आयोजकों के साथ-साथ बिहार एवं केंद्र सरकार को भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे आयोजन की व्यवस्थाओं को बेहतर तरीके से संचालित किया जा सके.
अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस धार्मिक और आध्यात्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में विदेशी मेहमानों के पहुंचने की संभावना है. इसको लेकर बोधगया में तैयारियां जोर पकड़ रही है.
बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट
