पटना : विश्व बाल दिवस के अवसर पर बिहार लोक भवन और यूनिसेफ बिहार की ओर से शुक्रवार को एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसमें बच्चों और यूनिसेफ के अधिकारियों ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम के साथ ही 14 से 20 नवंबर तक मनाए गए विश्व बाल सप्ताह का समापन भी हुआ. इस वर्ष की थीम ‘मेरा दिन, मेरे अधिकार, मेरा भविष्य’का संदेश था कि बच्चों की बातें सुनने के साथ-साथ उनके बेहतर भविष्य की योजना बनाने और उसे साकार करने में भी बच्चों को शामिल करना जरूरी है.

लोक भवन और यूनिसेफ ने बच्चों के भविष्य को संवारने में उनकी भागीदारी का दिया संदेश

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने कहा कि इस वर्ष की थीम बच्चों को अपने जीवन, अधिकारों, सपनों और भविष्य के बारे में सोचने के लिए प्रेरित करती है. उन्होंने कहा कि देश के निर्माण में बच्चों की अहम भूमिका है. आज की पीढ़ी के पास शिक्षा, ज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने के पहले से कहीं अधिक अवसर हैं.

राज्यपाल ने बच्चों से बड़े सपने देखने, नई चीजें सीखने की जिज्ञासा बनाए रखने और माता-पिता व मार्गदर्शकों से सलाह लेने की अपील की. उन्होंने कहा कि बच्चों को स्वच्छता, स्वास्थ्य और समाज के प्रति भी अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए. उन्होंने लड़के-लड़कियों के बीच समानता और एक-दूसरे के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ावा देने पर जोर दिया. साथ ही, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का समझदारी से इस्तेमाल करने और अपनी सोचने-समझने की क्षमता बनाए रखने की सलाह दी. राज्यपाल ने भरोसा दिलाया कि शिक्षा और सामाजिक विकास से जुड़ी अच्छी पहल के लिए राजभवन के दरवाजे हमेशा खुले रहेंगे.

कार्यक्रम में अपने विचार रखते हुए यूनिसेफ बिहार की प्रमुख मोनिका ओ नीलसन ने बच्चों को अपनी बातें, सपने और समस्याएं रखने का मौका देने के लिए राज्यपाल और लोक भवन का धन्यवाद किया. उन्होंने कहा कि बच्चों ने इस कार्यक्रम में जो बातें रखी है, उन्हें यहीं तक सीमित नहीं रखा जाएगा. बिहार सरकार के सहयोग से इन बातों को सरकार और फैसले लेने वाले लोगों तक पहुंचाया जाएगा.

उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य से जुड़े फैसले लेने में बच्चों की राय भी शामिल होनी चाहिए. उन्होंने कहा, “हमें बच्चों के लिए ऐसा भविष्य बनाना है, जिसमें बच्चे भी अपनी बात रख सकें और फैसलों में उनकी भागीदारी हो. उनके भविष्य का फैसला ऐसे बंद कमरों में नहीं होना चाहिए, जहां बच्चों की पहुंच ही नहीं है.”

बिहार के हर बच्चे के बेहतर भविष्य के लिए यूनिसेफ की प्रतिबद्धता दोहराते हुए उन्होंने कहा, “बच्चा-बच्ची आगे… तो बिहार आगे.”

कार्यक्रम की शुरुआत राज्यपाल के आगमन के साथ हुई. इसके बाद राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान हुआ. यूनिसेफ बिहार की कम्युनिकेशन स्पेशलिस्ट डॉ. पूजा ने स्वागत संबोधन में विश्व बाल दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि बच्चों के जीवन और भविष्य से जुड़े फैसलों में उनकी राय और भागीदारी को महत्व दिया जाना चाहिए.

किलकारी और सोशल वॉरियर्स फाउंडेशन से जुड़े बच्चों ने राज्यपाल से सीधे बातचीत की और बाल विवाह, लैंगिक समानता, बाल सुरक्षा, शिक्षा, विकास और बच्चों की भागीदारी जैसे मुद्दों पर अपनी बातें और चिंताएं साझा की. राज्यपाल ने बच्चों को खुलकर अपनी बात रखने के लिए प्रोत्साहित किया और उनके विचारों की सराहना की. उन्होंने कहा कि बच्चों को ऐसे अवसर मिलने चाहिए, जहां वे अपने से जुड़े फैसलों में अपनी राय रख सकें और भागीदारी निभा सकें.

किलकारी के बच्चों ने सप्ताहभर चले बाल सप्ताह कार्यक्रम की याद के तौर पर विशेष रूप से तैयार किया गया ‘बाल सप्ताह’ समाचार बुलेटिन राज्यपाल को भेंट किया. इस बुलेटिन को किलकारी के बच्चों ने खुद तैयार किया था. इसमें बच्चों ने बच्चों से जुड़े मुद्दों पर अपने विचारों और रचनात्मकता को प्रस्तुत किया. कार्यक्रम के अंत में यूनिसेफ बिहार की प्रमुख मोनिका ओ नीलसन ने समापन संबोधन दिया और सभी का धन्यवाद किया.

विश्व बाल सप्ताह के दौरान बच्चों ने अलग-अलग रेडियो कार्यक्रमों में हिस्सा लिया. उन्होंने अपने अधिकारों और सपनों के बारे में खुलकर अपनी बात रखी और रेडियो जॉकी (आरजे) से बातचीत की. बुधवार को बच्चों ने पेंटिंग बनाई और कविताएं लिखी. इन पेंटिंग और कविताओं के जरिए उन्होंने बताया कि वे अपने लिए कैसा भविष्य चाहते हैं और हर बच्चे को कौन-कौन से अधिकार मिलने चाहिए. इसके साथ ही, किलकारी में बच्चों ने ‘बाल सप्ताह’ समाचार बुलेटिन भी तैयार किया, जिसमें उनके विचारों और रचनात्मकता को दिखाया गया.

पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट-