झारखंड के युवाओं को कौशल प्रशिक्षण के जरिए आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें रोजगार से जोड़ने की दिशा में राज्य सरकार लगातार बड़े कदम उठा रही है। इसी कड़ी में एक महत्वपूर्ण अपडेट राजधानी रांची से सामने आ रही है। झारखंड के मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन आगामी 23 नवंबर को राज्य के तीन हजार से अधिक प्रशिक्षित युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपने जा रहे हैं। इस भव्य आयोजन को लेकर आज मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में एक अहम शिष्टाचार मुलाकात हुई।आज कांके रोड, रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के वरीय अधिकारियों और प्रेझा (PREJHA) फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की।

इस प्रतिनिधिमंडल में कल्याण विभाग के सचिव श्री कृपानंद झा और अल्पसंख्यक कल्याण आयुक्त श्री कुलदीप चौधरी मुख्य रूप से शामिल रहे। मुलाकात के दौरान अधिकारियों और फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को आगामी 23 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले 'मुख्यमंत्री कौशल एवं रोजगार सम्मान समारोह एवं नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम' में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए सादर आमंत्रित किया। यह कार्यक्रम रांची के प्रोजेक्ट भवन सभागार में आयोजित किया जाएगा।गौरतलब है कि इस समारोह के दौरान कुल 3,044 प्रशिक्षित छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा और उन्हें नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। कल्याण विभाग और प्रेझा फाउंडेशन के संयुक्त प्रयासों से इन युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में व्यावसायिक और कौशल प्रशिक्षण दिया गया है, जिसके बाद अब ये सभी युवा रोजगार की मुख्यधारा से जुड़ने जा रहे हैं।

आज हुई इस शिष्टाचार भेंट के दौरान प्रेझा फाउंडेशन की ओर से चीफ प्रोजेक्ट ऑफिसर श्री मिनाक्षी कुमार, स्टेट लीड गवर्नमेंट इंगेजमेंट श्री अमित वाल्मीकि तथा एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर श्री चितरंजन सामंत राय भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं।

रांची से संदीप यादव की रिपोर्ट