PATNA : "ठाकुर विवाद" पर बिहार की सियासत गरमायी हुई है। महिला आरक्षण बिल पर राज्यसभा में आरजेडी सांसद मनोज झा द्वारा दिए गये भाषण पर अब विवाद गहराने लगा है। आरजेडी के ही विधायक चेतन आनंद ने अपनी पार्टी के ही सांसद मनोज झा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। हालांकि, इस पूरे मामले पर जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने दो टूक बयान देकर सांसद मनोज झा का बचाव किया है।
ललन सिंह की दो टूक
पटना में मीडिया से मुखातिब होते हुए ललन सिंह ने कहा कि आरजेडी सांसद मनोज झा के बयान को गलत तरीके से पेश किया गया है। जिस बयान पर विवाद है, वो मनोज झा का बयान नहीं है। उनका उद्देश्य किसी समाज को ठेस पहुंचाना नहीं था। उन्होंने अपने भाषण के दौरान सिर्फ एक कविता पढ़ी थी और खुद को ये कहा है कि मान लीजिए कि मैं ठाकुर हूं।

"बीजेपी है कनफूस्का पार्टी"
ललन सिंह ने कहा कि राज्यसभा सांसद मनोज झा के भाषण के 7 दिनों के बाद ये बवाल शुरू हुआ लिहाजा उन्होंने इसका जिम्मेदार बीजेपी को ठहराया और कहा कि भाजपा एक कानफूस्का पार्टी है। उसका काम ही भ्रम फैलाना है। रोजाना मीडिया में चल रहा है कि बीजेपी से नीतीश कुमार की नजदीकियां बढ़ रही हैं।
"7 जन्म तक बीजेपी की तरफ नहीं देखेंगे नीतीश"
बीजेपी पर भड़कते हुए ललन सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का काम ही भ्रम फैलाना है। बीजेपी पर निशाना साधते हुए ललन सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार जी तो सात जन्म तक बीजेपी की तरफ देखेंगे भी नहीं। बीजेपी ऐसी पार्टी है कि उसकी तरफ थूके भी नहीं।बीजेपी पार्टी का कोई अस्तित्व नहीं है।
रणवीर नंदन मामले पर भी बोले ललन सिंह
उन्होंने रणवीर नंदन के मामले पर भी बोलते हुए कहा कि बीजेपी के कुछ समर्थक हमारी पार्टी में भी थे लिहाजा अब उन्हें निकाल बाहर किया गया है। वे पिछले पांच दिनों से क्या बयान दे रहे थे कि मोदी और नीतीश कुमार जी विकास के प्रतीक हैं लिहाजा दोनों को मिल जाना चाहिए। वे मुख्यमंत्री जी के सलाहकार थे क्या?
सुशील कुमार मोदी पर भी साधा निशाना
वहीं, बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी के बयान पर ललन सिंह ने कहा कि सुशील मोदी के बयान का हम नोटिस भी नहीं लेते हैं। उनका बयान जबतक अख़बारों में नहीं छपता है, तबतक उनका खाना भी नहीं पचता है। अब उनका टाइम पूरा हो रहा है। वे बेचारे जबतक बोलेंगे नहीं...तबतक कहां से कुछ चांस मिलेगा?
"महागठबंधन के स्तंभ हैं लालू-नीतीश"
इसके साथ ही मुख्यमंत्री आवास में सीएम नीतीश कुमार और लालू प्रसाद की हुई मुलाकात पर ललन सिंह ने कहा कि दोनों महागठबंधन के स्तंभ हैं। नीतीश कुमार जी महागठबंधन में मजबूती के साथ हैं। नीतीश कुमार जी विपक्षी की एकता के प्रतीक हैं।
