कोडरमा : डोमचांच थाना से 700 मीटर दूर पत्तल और चप्पल व्यापार की आड़ में देह व्यापार का धंधा,वीडियो वायरल
कोडरमा: जिले के डोमचांच थाना से करीब 700 मीटर दूर और प्रखंड मुख्यालय से सटे एक किराए के मकान में पत्तल और चप्पल बनाने की आड़ में कथित रूप से अवैध देह व्यापार संचालित किए जाने का मामला सामने आया है. गुप्त सूचना पर पहुंचे स्थानीय युवकों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया. स्थानीय लोगों का दावा है कि बिहार निवासी सूरज कुमार ने यह मकान किराए पर ले रखा है. मकान के आगे वाले हिस्से में पत्तल-दोना बनाने का काम चलता है,जबकि पीछे बने कमरों में अवैध गतिविधियां संचालित हो रही थीं. सूचना मिलने पर जब स्थानीय युवक मौके पर पहुंचे और पीछे के कमरों का दरवाजा खुलवाया तो वहां से कई युवक-युवतियां चेहरा ढककर बाहर निकलते दिखे.
देह व्यापार से जुड़े दोषियों पर कार्रवाई की मांग
मौके पर मौजूद एक युवक ने पत्रकार के कैमरे के सामने 1300 रुपये देने की बात कबूली. युवक का आरोप है कि व्हाट्सएप पर लड़कियों की फोटो भेजकर ग्राहकों को बुलाया जाता था और अलग-अलग रेट तय होते थे. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा है. स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया है कि प्रखंड कार्यालय और थाना के इतने करीब ऐसी गतिविधियां कैसे चल रही थी. लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है.
एसपी बोले-वीडियो का सत्यापन के बाद होगी कार्रवाई
वहीं, इस मामले मे एसपी कुमार शिवाशीष ने कहा कि एसडीपीओ द्वारा इस वीडियो का सत्यापन करवाते हुए विशेष जांच की जाएगी और जो भी दोषी होंगे उनपर विशेष कार्रवाई की जाएगी.





