इलाज के दौरान दोनों ने तोड़ा दम, मौत की खबर मिलते ही मुआवजे की मांग पर सड़क पर उतरे ग्रामीण; प्रशासन की पहल पर 10 लाख रुपये मुआवजे का आश्वासन
कोडरमा: झारखंड के कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। बीते 10 अक्टूबर को सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल भाई-बहन की इलाज के दौरान मौत हो गई। गुरुवार को बहन हसाबुन खातून की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में तीन मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। वहीं, दोनों की मौत से आक्रोशित ग्रामीण मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर उतर आए।
बहन को ससुराल से लेकर लौट रहा था भाई
मिली जानकारी के अनुसार, 19 वर्षीय अजमत अंसारी अपनी 25 वर्षीय बहन हसाबुन खातून को मरकच्चो स्थित उसके ससुराल से लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान जयनगर प्रखंड कार्यालय के समीप एफसीआई के एजीएम बिनोद कुमार अपनी मोटरसाइकिल से कार्यालय की ओर मुड़ रहे थे। तभी पीछे से आ रही अजमत की बाइक उनसे टकरा गई। इस भीषण टक्कर में अजमत और उसकी बहन हसाबुन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
रांची RIMS में इलाज के दौरान दोनों की मौत
घटना के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी गौतम कुमार और अंचलाधिकारी सारांश जैन के सहयोग से दोनों घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया। इलाज के दौरान पहले अजमत अंसारी ने दम तोड़ दिया। वहीं, गुरुवार को उसकी बहन हसाबुन खातून की भी मौत हो गई। भाई-बहन की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर उतरे ग्रामीण
दोनों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीण मुआवजे की मांग को लेकर प्रखंड कार्यालय पर धरना देने की तैयारी करने लगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बीडीओ गौतम कुमार और सीओ सारांश जैन स्वयं मृतकों के घर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान नाराज ग्रामीणों ने कुछ समय के लिए सीओ के वाहन को भी घेर लिया। मौके पर काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
10 लाख रुपये मुआवजे पर बनी सहमति
प्रशासनिक अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच लंबी बातचीत के बाद मुआवजे को लेकर सहमति बनी। जानकारी के अनुसार, एफसीआई के एजीएम की ओर से 2 लाख रुपये तथा सरकारी प्रावधानों के तहत दोनों मृतकों के लिए 4-4 लाख रुपये मुआवजे का आश्वासन दिया गया। कुल 10 लाख रुपये के मुआवजे के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और स्थिति सामान्य हुई।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। सबसे ज्यादा चिंता मृतका के तीन मासूम बच्चों के भविष्य को लेकर है, जिन्होंने कम उम्र में ही अपनी मां को खो दिया।

