पटना : बिहार में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है. छपरा स्थित राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल में 50 MBBS सीटों पर नामांकन एवं संचालन की अनुमति प्राप्त हुई है. इस उपलब्धि के बीच स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने मेडिकल कॉलेज में आयोजित ‘ओरिएंटेशन, ओथ एंड व्हाइट कोट सेरेमनी’में शामिल होकर नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया और उन्हें चिकित्सा शिक्षा एवं सेवा के क्षेत्र में नई यात्रा की शुभकामनाएं दी.

छपरा मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने नवप्रवेशित छात्रों का बढ़ाया उत्साह

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि व्हाइट कोट धारण करना केवल चिकित्सा शिक्षा की शुरुआत नहीं है, बल्कि मानवता की सेवा, करुणा, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प भी है. उन्होंने विश्वास जताया कि सभी विद्यार्थी अपनी प्रतिभा, परिश्रम और सेवाभाव के बल पर चिकित्सा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करेंगे तथा समाज और मानवता की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देंगे.

छपरा मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने नवप्रवेशित छात्रों का बढ़ाया उत्साह

चिकित्सा शिक्षा के विस्तार पर सरकार का जोर

स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार और उसे और बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. इसी क्रम में छपरा स्थित राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल में 50 MBBS सीटों पर नामांकन एवं संचालन की अनुमति प्राप्त होना महत्वपूर्ण है.

इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि बिहार के अधिक से अधिक विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर अवसर मिले. इसके साथ ही विद्यार्थियों को नई और अत्याधुनिक चिकित्सा पद्धतियों में दक्ष बनाकर कुशल चिकित्सक तैयार किए जाएं, जो भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के साथ मानवता की सेवा में अपना योगदान दे सकें.

सेवा, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का संदेश

व्हाइट कोट सेरेमनी चिकित्सा शिक्षा की यात्रा में विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है. यह समारोह भावी चिकित्सकों को मरीजों के प्रति संवेदनशीलता, सेवा भावना और पेशेवर जिम्मेदारी के महत्व का संदेश देता है. स्वास्थ्य मंत्री ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे अपने ज्ञान, कौशल और समर्पण से चिकित्सा जगत में अपनी अलग पहचान बनाएंगे.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-