देवघर के केकेएन स्टेडियम में देवघर फिजिकल अकादमी की ओर से 1600 मीटर दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपनी शारीरिक क्षमता, सहनशक्ति एवं खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान देवघर नगर निगम के महापौर रवि राउत भी स्टेडियम पहुंचे। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल बच्चों का हौसला बढ़ाया और उन्हें लक्ष्य प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर महापौर रवि राउत ने कहा कि बच्चों और युवाओं को हर हाल में प्रोत्साहित करना जरूरी है। आज के यही बच्चे और युवा भविष्य में देश की सेवा में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को सही दिशा, उचित मार्गदर्शन और लगातार अभ्यास का अवसर मिले, तो वे विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं और देश का गौरव बढ़ा सकते हैं।
महापौर ने देवघर फिजिकल अकादमी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि अकादमी की ओर से लगातार इस तरह की गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। ऐसे आयोजनों से बच्चों में शारीरिक फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ती है और उनके अंदर अनुशासन, आत्मविश्वास तथा प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।उन्होंने कहा कि खेल और शारीरिक प्रशिक्षण युवाओं के व्यक्तित्व विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। खासकर सेना, पुलिस एवं अन्य सुरक्षा सेवाओं में जाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए नियमित दौड़ और शारीरिक अभ्यास बेहद महत्वपूर्ण है। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को शारीरिक रूप से मजबूत बनाने के साथ उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति जागरूक करना रहा। इस तरह के आयोजन युवाओं को अपनी क्षमता पहचानने और भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करते हैं।
