Hindi News / बिना कनेक्शन के सिलेंडर नहीं देने पर काटा फाइन,ट्रैफिक पुलिस एसआई ने आरोपों...

कैमूर में अनोखा मामला : बिना कनेक्शन के सिलेंडर नहीं देने पर काटा फाइन,ट्रैफिक पुलिस एसआई ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

Edited By:  |
kaimur mein anokha mamla kaimur mein anokha mamla

कैमूर:जिले के मोहनिया नगर के चांदनी चौक पर बुधवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई,जब इंडेन गैस एजेंसी के वाहनों का ट्रैफिक पुलिस ने चालान काट दिया. चालान काटने के विरोध में ट्रैफिक पुलिस और गैस एजेंसी के कर्मियों के बीच नोंक-झोंक होने लगी. इस दौरान कुछ समय तक भारी जाम की स्थिति हो गई.

जानकारी के अनुसार इंडेन गैस एजेंसी के कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि ट्रैफिक पुलिस द्वारा बिना कनेक्शन के गैस सिलेंडर की मांग की जा रही थी. जब एजेंसी कर्मियों ने नियमों का हवाला देते हुए सिलेंडर देने से इनकार किया तो पुलिस ने उनके वाहनों का चालान काट दिया.पहला चालान मंगलवार को काटा गया था, बुधवार सुबह फिर इंडेन गैस एजेंसी की गाड़ी को रोक कर चलान काटने का मामला सामने आया है.

एजेंसी के मैनेजर राम शंकर झा ने कहा कि एजेंसी गैस वितरण के लिए जा रहा था, लेकिन ट्रैफिक पुलिस द्वारा बीच में ही रोक दिया गया और लाइसेंस मांगा गया. जब लाइसेंस दिखाया तो उनके द्वारा कहा गया कि इस पर कुछ दिखाई नहीं दे रहा. इसी बात पर विवाद बढ़ गया और ट्रैफिक पुलिस जबरन चालान काट दिए.

इस कार्रवाई से नाराज एजेंसी के कर्मियों ने विरोध जताते हुए कुछ देर के लिए गाड़ियों को सड़क पर खड़ा कर दिया. जिससे चांदनी चौक पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

हालांकि, ट्रैफिक पुलिस के सब इंस्पेक्टर संतोष कुमार की ओर से इन आरोपों पर कहा कि मेरे द्वारा रोज यहां पर वाहन जांच किया जा रहा है बगैर सीट बेल्ट बगैर हेलमेट की गाड़ियों का चालान किया जा रहा है. उन्होंने आरोप को बेबुनियाद बताया है.

वहीं, एसडीएम रत्ना प्रियदर्शनी ने कहा कि ट्रैफिक द्वारा गाड़ियों की चेकिंग लगाई गई थी. इसी दौरान गैस एजेंसी की गाड़ी का भी कुछ पेपर नहीं था, इसलिए फाइन काटा गया है. एसडीएम ने कहा कि बिना कनेक्शन गैस मांगना जांच का विषय है.