'महागठबंधन को कानून से मतलब नहीं' : कैमूर में गरजे केंद्रीय मंत्री, बोले-अपराधियों को संरक्षण दे रहे ये लोग
कैमूर : बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने के बाद केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय लगातार नीतीश सरकार पर हमलावर हैं। शुक्रवार को कैमूर दौरे पर मोहनिया पहुंचे केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने बिहार में लॉ एंड ऑर्डर को लेकर नीतीश कुमार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार बदमाशों को संरक्षण देने वाली सरकार है। इन दिनों यूपी में बदमाश एनकाउंटर के डर से भाग रहे हैं और बिहार में खुद को सुरक्षित समझ रहे हैं।
नित्यानंद राय ने बिहार सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि बदमाश ये जानते हैं कि योगी सरकार में हमारी गुंजाइश नहीं है। बिहार को अपना सुरक्षित भूमि मानते हैं, उन्हें ये पता है कि अगर हम बिहार आ जाएंगे तो बिहार में महागठबंधन वाली सरकार बदमाशों को संरक्षण देती है इसलिए पनाह लेने के लिए यहां आ जाते हैं। आपने देखा होगा कि देश के कई स्थानों से पीएफआई तो कभी बड़े बदमाश यहां आकर संरक्षण लेते हैं। उनको पता है कि यहां की सरकार को कानून से मतलब नहीं है।
बता दें कि कैमूर जिले के दुर्गावती पुलिस के द्वारा शराब मामले में गिरफ्तार मुख्तार अंसारी का शूटर अंगद राय को 13 मार्च की रात आदर्श नुआंव बाजार से शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। जिसका आपराधिक इतिहास खंगालने पर पता चला कि अंगद राय की तलाश यूपी के गाजीपुर की पुलिस बेसब्री से कर रही थी। अंगद राय पर उत्तर प्रदेश में दो दर्जन हत्या, लूट, डकैती और रंगदारी के मामले दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी के लिए गाजीपुर पुलिस द्वारा 25 हजार का इनाम भी घोषित किया गया था।





