JHARKHAND NEWS : झारखंड नीट काउंसलिंग 2026: स्टेट मेरिट लिस्ट घोषित, तकनीकी खराबी से अटकी च्वाइस फिलिंग
झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद यानी JCECEB की तरफ से NEET-UG 2026 के रिजल्ट के आधार पर स्टेट मेडिकल काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके तहत राज्य के मेडिकल कॉलेजों में MBBS, BDS और BHMS कोर्सेज में एडमिशन होना है। पर्षद ने इसके लिए 3,227 छात्र-छात्राओं की स्टेट मेरिट लिस्ट भी जारी कर दी है। लेकिन इस बीच, काउंसलिंग प्रक्रिया के ठीक शुरुआती चरण में ही एक बड़ी अड़चन आ गई है, जिससे छात्र परेशान हैं। दरअसल, मेरिट लिस्ट आने के बाद अगला और सबसे महत्वपूर्ण चरण है—च्वाइस फिलिंगयानी अपनी पसंद के कॉलेज और कोर्स का चुनाव करना। लेकिन शनिवार से ही JCECEB की ऑफिशियल वेबसाइट के सर्वर में तकनीकी खराबी आ गई है।
हाल यह है कि काउंसलिंग के लिए दिया गया लिंक और संबंधित पेज खुल ही नहीं रहा है। बार-बार कोशिश करने के बावजूद छात्र च्वाइस फिलिंग वाले पेज तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। निर्धारित समय के भीतर प्रक्रिया पूरी न हो पाने की चिंता अब स्टूडेंट्स और उनके अभिभावकों को सताने लगी है।
इस पूरे मामले पर JCECEB के अधिकारियों का कहना है कि सर्वर में आई तकनीकी समस्या को दूर करने का काम युद्ध स्तर पर जारी है। बोर्ड का दावा है कि इसे जल्द ही ठीक कर लिया जाएगा, ताकि छात्र सामान्य रूप से अपनी काउंसलिंग पूरी कर सकें।
आइए अब नजर डालते हैं इस पूरी काउंसलिंग के महत्वपूर्ण शेड्यूल पर, ताकि आप किसी भी डेडलाइन से न चूकें:
19 अगस्त: च्वाइस फिलिंग की अंतिम तिथि।
20 अगस्त: च्वाइस फिलिंग में संशोधन (Modification) की तारीख।
22 से 28 अगस्त: सीट अलॉटमेंट और प्रोविजनल सीट अलॉटमेंट लेटर डाउनलोड करने की अवधि।
23 से 28 अगस्त: दस्तावेजों का सत्यापन
झारखंड में यह स्टेट मेडिकल काउंसलिंग कुल चार राउंड्स में पूरी की जाएगी। फिलहाल सर्वर डाउन होने से छात्र थोड़े तनाव में जरूर हैं, लेकिन उम्मीद है कि पर्षद जल्द ही वेबसाइट को दुरुस्त कर लेगा।





