कोडरमा जिले के कोडरमा सदर क्षेत्र के जलवाबाद स्थित मक्का-मदीना मस्जिद के पास बीती रात चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने सरजू यादव के घर को निशाना बनाया। घटना की जानकारी देते हुए बसंती देवी ने बताया कि रात में खाना खाकर वे अपने कमरे में सोने चली गई थीं। सुबह उठकर जब वह छत पर गईं तो उनका एक बैग छत पर फेंका हुआ मिला। बैग की जांच करने पर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात और 6 हजार रुपये नकद गायब थे। उन्होंने बताया कि जेवरात को बैग में रखकर कमरे में अलमारी के ऊपर रखा था। आशंका है कि चोर छत के रास्ते सीढ़ियों से घर में घुसा और चोरी के बाद उसी रास्ते से फरार हो गया। इस चोरी में उन्हें करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
सूचना पर कोडरमा सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। दुर्गा पूजा के दौरान भीड़भाड़ वाले मोहल्ले में इस तरह बेखौफ चोरी से स्थानीय लोगों में दहशत है। लोगों का कहना है कि जब भरे घर में चोरी हो सकती है तो घर सूना छोड़कर मेला देखने कैसे जाएं।
