रांची/नेमरा। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की दिवंगत माता रूपी सोरेन के निधन के बाद उनके पैतृक गांव नेमरा में श्राद्ध कर्म के सभी कार्यक्रम संपन्न कराए गए। सात अक्टूबर को उनके निधन के बाद आयोजित संस्कार भोज में बड़ी संख्या में आम लोगों,जनप्रतिनिधियों और विशिष्ट अतिथियों ने पहुंचकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान योग गुरु बाबा रामदेव और झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार भी शामिल हुए।

बाबा रामदेव ने रूपी सोरेन को बताया शक्ति स्वरूपा

सीएम हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन के श्राद्ध भोज में उमड़ी भीड़, बाबा रामदेव और राज्यपाल संतोष गंगवार ने दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री की दिवंगत माता को श्रद्धांजलि देने पहुंचे योग गुरु बाबा रामदेव ने रूपी सोरेन को नमन करते हुए उन्हें शक्ति स्वरूपा बताया। उन्होंने दिवंगत के व्यक्तित्व के प्रति सम्मान व्यक्त किया और शोक-संतप्त सोरेन परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं।

दरअसल,रूपी सोरेन के श्राद्ध कर्म में शामिल होने के लिए विभिन्न क्षेत्रों की कई प्रमुख हस्तियां पहुंच रही हैं। इसी क्रम में बाबा रामदेव ने भी उपस्थित होकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

महुआ माजी बोलीं- माता रूपी सोरेन का योगदान हमेशा याद रहेगा

राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने रूपी सोरेन को याद करते हुए कहा कि उनकी स्मृतियां हमेशा लोगों के साथ रहेंगी। उन्होंने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन के साथ राज्य के निर्माण में माता रूपी सोरेन का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके निधन से हुई क्षति को हमेशा महसूस किया जाएगा।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा- माता-पिता की कमी कोई पूरी नहीं कर सकता

श्राद्ध भोज में शामिल विधानसभा अध्यक्ष ने माता-पिता के जीवन में महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि माता-पिता की कमी कोई पूरी नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि जीवन में एक समय ऐसा आता है,जब सभी को इस दुनिया से विदा होना पड़ता है,लेकिन माता-पिता का साथ छूट जाने से जीवन में एक ऐसी कमी रह जाती है,जिसे महसूस किया जाता है।

कई मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने जताया शोक

मुख्यमंत्री की माता के निधन पर संवेदना व्यक्त करने वालों में पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता,स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी,कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की,सांसद सुखदेव भगत और पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर समेत कई प्रमुख लोग शामिल रहे।

नेमरा में आयोजित संस्कार भोज के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही। सभी ने दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति की कामना की और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत पूरे शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

रामगढ़ के नेमरा से राहुल कुमार की रिपोर्ट