पाकुड़ जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र के नयाग्राम में करमा पूजा के दौरान लापता हुए 13 वर्षीय नावालिक बालक दीनानाथ सिंह की हत्या के मामले का पाकुड़ पुलिस ने महज 48 घंटे के अंदर उद्भेदन करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में नयाग्राम निवासी करीब 40 वर्षीय मनोज कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में घरेलू एवं जमीन विवाद को हत्या का कारण बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, 23 सितंबर को करमा पूजा के दौरान दीनानाथ सिंह के लापता होने की सूचना मिली थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पाकुड़ के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने मानवीय एवं तकनीकी सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी की।

जांच के दौरान पुलिस को बालक की हत्या कर शव नदी में फेंके जाने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हिरणपुर बस स्टैंड के पास से मनोज कुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर हत्या में कथित तौर पर प्रयुक्त बजाज मैक्सीमा टेंपो (JH17AE0680) और एक लोहे का जैक जब्त किया गया। पुलिस ने बताया कि लापता बालक का शव नगर थाना क्षेत्र के देवपुर और मंगलापाड़ा के बीच नदी किनारे से बरामद किया गया। शव को आवश्यक चिकित्सकीय एवं अन्य परीक्षण के लिए सदर अस्पताल, पाकुड़ भेजा गया है। इस संबंध में बालक के परिजन हरिनन्दन सिंह के आवेदन के आधार पर हिरणपुर थाना कांड संख्या 71/26, दिनांक 24 सितंबर 2026 को संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जा रही है जिसकी जानकारी एसडीपीओ कुमार गौरव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी।