गया- मोक्षधाम गयाजी में पितृपक्ष मेला-2026 का भव्य उद्घाटन मुख्यमंत्री ने किया। इस दौरान उन्होंने मेले में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए की गई तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पितृपक्ष मेला गयाजी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। इस दौरान बड़ी संख्या में देश के अलग-अलग हिस्सों के साथ विदेशों से भी श्रद्धालु पिंडदान और तर्पण के लिए गयाजी पहुंचते हैं। सरकार का प्रयास है कि यहां आने वाले हर श्रद्धालु को बेहतर और सुखद अनुभव मिले।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं का स्वागत “अतिथि देवो भवः” की भावना के साथ किया जाना चाहिए। मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विशाल जनसमूह को संबोधित भी किया। उन्होंने गयाजी की धार्मिक महत्ता और पितृपक्ष मेले की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सेवा और सुविधा सरकार की प्राथमिकता है। प्रशासन को साफ-सफाई, पेयजल, यातायात, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।

पितृपक्ष के दौरान गयाजी में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। इसे देखते हुए प्रशासन की ओर से विभिन्न स्थानों पर व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया गया है, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण और सुविधाजनक तरीके से पिंडदान कर सके।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

