राज्य में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को देखते हुए बोकारो पुलिस भी पूरी तरह सतर्क है। बोकारो एसपी के निर्देश पर डीएसपी सिटी राजीव रंजन की अगुवाई में बोकारो सिटी इलाके में देर रात तक एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया। शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चले इस अभियान के दौरान रात में गुजरने वाली गाड़ियों की जांच की गई। वहीं ड्रंक एंड ड्राइव के मामले में कई लोगों को पकड़ा गया।
पुलिस की इस कार्रवाई से देर रात बेवजह घूमने वाले लोगों में भी हड़कंप देखने को मिला। पुलिस ने वाहन चालकों की जांच के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखी।
डीएसपी सिटी राजीव रंजन ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराध को होने से पहले रोकना है। नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, ताकि सड़क हादसों पर भी अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि रात में इस तरह की चेकिंग जारी रहने से अपराधियों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा सकेगी और अपराध पर नियंत्रण में मदद मिलेगी।
