मुंगेर:जिलेके मुफस्सिल थाना क्षेत्र में वायरल हुए शराब से जुड़े वीडियो मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. एसपी सैयद इमरान मसूद के निर्देश पर हुई जांच के बाद छापेमारी दल में शामिल दो पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. वहीं,थानाध्यक्ष की कथित संलिप्तता को लेकर मामले की विस्तृत जांच का जिम्मा मुख्यालय डीएसपी को सौंपा गया है.

दरअसल,मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सीताचरण गांव के दियारा इलाके में 18 सितंबर को पुलिस ने छापेमारी कर देसी महुआ शराब जब्त की थी. इसके बाद शराब जब्ती से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. वायरल वीडियो में पुलिसकर्मियों द्वारा नाव के जरिए शराब को थाना ले जाते हुए दिखाए जाने का दावा किया गया था. इस मामले में कोई FIR दर्ज नहीं किया गया और शराब बरामद के जगह को भी गलत दर्शाया गया. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई और जब्त शराब से जुड़ी प्रक्रिया पर सवाल उठे थे.

मामला एसपी सैयद इमरान मसूद के संज्ञान में आने के बाद पुलिस निरीक्षक,मुफस्सिल अंचल से मामले की जांच कराई गई. पुलिस की ओर से जारी प्रेस रिलीज के मुताबिक,प्रारंभिक जांच प्रतिवेदन में छापेमारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारियों की संलिप्तता पाए जाने की बात सामने आई है.

इसके बाद यूएसआई राजेश शर्मा और यूएसआई मो.नुरैन अंसारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. वहीं, इस मामले में मुफस्सिल थानाध्यक्ष की संलिप्तता को लेकर भी विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए हैं. एसपी ने पुलिस उपाधीक्षक,मुख्यालय को जांच प्रतिवेदन सौंपने का निर्देश दिया है. अब मुख्यालय डीएसपी की जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद आवश्यक अग्रेतर कार्रवाई होगी.