बिहार- अब अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी के बड़े मंच की मेजबानी की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। 2030 एफआईएच हॉकी महिला विश्व कप के आयोजन के लिए बिहार के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया गया है। जापान में आयोजित 20वें एशियन गेम्स के दौरान हुई इस महत्वपूर्ण पहल से बिहार के खेल जगत में नई उम्मीद जगी है। विश्व की शीर्ष महिला हॉकी खिलाड़ियों के बिहार आने से जहां राज्य की अंतरराष्ट्रीय खेल पहचान को मजबूती मिलेगी, वहीं बिहार की युवा और महिला हॉकी प्रतिभाओं को विश्वस्तरीय खेल से जुड़ने, सीखने और आगे बढ़ने का बड़ा अवसर मिलेगा। एशियन गेम्स का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान में किया जा रहा है। इसी दौरान बिहार में 2030 एफआईएच हॉकी महिला विश्व कप के आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण पहल हुई। बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह एवं खेल विभाग के सचिव दीपक आनंद की मौजूदगी में इस संबंध में प्रस्ताव को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई। इस अवसर पर भारतीय हॉकी फेडरेशन के सेक्रेटरी जनरल भोला सिंह भी मौजूद रहे। खेल मंत्री ने बताया कि बिहार में विश्व कप की मेजबानी कराने के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया गया है।

बिहार की बेटियों को मिलेगा वैश्विक मंच का सपना

खेल मंत्री ने कहा कि 2030 एफआईएच हॉकी महिला विश्व कप की मेजबानी बिहार के लिए अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में अपनी पहचान को और मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। दुनिया की श्रेष्ठ महिला हॉकी खिलाड़ियों के बिहार आने से राज्य की युवा खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय खेल को करीब से देखने और उससे प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा। इससे राज्य में महिला हॉकी को बढ़ावा देने तथा नई प्रतिभाओं को आगे लाने की दिशा में भी सकारात्मक माहौल तैयार होगा। उन्होंने कहा कि 2030 एफआईएच हॉकी महिला विश्व कप बिहार की बेटियों के सपनों को नई उड़ान देने का अवसर होगा। दुनिया की श्रेष्ठ महिला हॉकी खिलाड़ी जब बिहार की धरती पर खेलेंगी, तो हमारी युवा प्रतिभाओं को विश्वस्तरीय खेल से प्रेरणा और नया लक्ष्य मिलेगा। हमारा सपना है दुनिया की बेटियां बिहार आएं और बिहार की बेटियां दुनिया तक जाएं।

अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों का केंद्र बनेगा बिहार

बिहार को अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। राज्य की युवा प्रतिभाओं, विशेषकर महिला खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं, प्रशिक्षण और वैश्विक मंच उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। 2030 महिला हॉकी विश्व कप की मेजबानी का अवसर इसी प्रयास को नई गति देगा।


पटना से नीरज उपाध्याय की रिपोर्ट