झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी JTET को लेकर पलामू जिले में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है।पलामू जिले में JTET परीक्षा के लिए कुल 47 केंद्र बनाए गए हैं। दोनों पालियों को मिलाकर इस परीक्षा में कुल 30,422 परीक्षार्थी शामिल होंगे। यह परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी, जिसके लिए प्रशासन ने व्यापक व्यवस्था की है।पहली पाली में कक्षा 6 से 8 तक के शिक्षक पात्रता परीक्षा के अभ्यर्थी शामिल होंगे। इस पहली पाली के लिए कुल 19,281 परीक्षार्थियों की व्यवस्था की गई है। वहीं, दूसरी पाली में कक्षा 1 से 5 तक के शिक्षक पात्रता परीक्षा के अभ्यर्थी परीक्षा देंगे, जिसमें कुल 11,141 परीक्षार्थी शामिल होंगे।

प्रमुख परीक्षा केंद्रों का हाल:

मेदिनीनगर के शहरी और प्रमुख शिक्षण संस्थानों में परीक्षार्थियों की संख्या इस प्रकार है-

  • गवर्नमेंट प्लस टू हाई स्कूल : पहली पाली में 688 और दूसरी पाली में 399 परीक्षार्थी

  • केजी गर्ल्स स्कूल: दोनों पालियों में क्रमशः 472 और 274 अभ्यर्थी

  • आर गिरिवर प्लस टू हाई स्कूल: पहली पाली में 495 और दूसरी पाली में 287।

  • इसके अलावा डीएवी पब्लिक स्कूल, ज्ञान निकेतन स्कूल और सीएसडी इंटर कॉलेज चनया जैसे बड़े केंद्रों पर पहली पाली में 688 और दूसरी पाली में लगभग 389 से 398 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है।मेदिनीनगर के साथ-साथ पाटन, सतबरवा, चैनपुर और लेस्लीगंज क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों और कॉलेजों को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जहाँ सुरक्षा और बैठने के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि सभी अभ्यर्थी बिना किसी परेशानी के अपनी परीक्षा दे सकें।

प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों को समय से पहले अपने केंद्रों पर पहुंचने और एडमिट कार्ड व जरूरी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। पलामू में इस बड़ी परीक्षा को लेकर प्रशासनिक चौकसी पूरी तरह से चाक-चौबंद है।