JHARKHAND NEWS : व्यवहार न्यायालय चाईबासा में न्यायमूर्ति दीपक रोशन ने साक्षी प्रतीक्षालय का किया उद्घाटन
चाईबासा : व्यवहार न्यायालय पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा परिसर में नवनिर्मित साक्षी प्रतीक्षालय का उद्घाटन झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायाधीश सह प्रशासनिक न्यायाधीश न्याय मंडल चाईबासा के न्यायमूर्ति दीपक रोशन के द्वारा किया गया. इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा मोहम्मद शाकिर, पुलिस अधीक्षक, चाईबासा आशुतोष शेखर, सभी न्यायिक पदाधिकारीगण, जिला अधिवक्ता संघ के सदस्यगण, व्यवहार न्यायालय के कर्मचारीगण एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे.
पश्चिम सिंहभूम के विशाल भूभाग के दूर दराज में रहने वाले आमजन व्यवहार न्यायालय में न्यायिक कार्य हेतु नियमित रूप से आते रहते हैं. ऐसे में उन्हें न्यायालय परिसर में प्रतीक्षालय की आवश्यकता महसूस होती थी. व्यवहार न्यायालय ने इस आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए इस पर गंभीरता से विचार कर साक्षियों के लिए प्रतीक्षालय भवन का निर्माण करवा दिया है. इस साक्षी प्रतीक्षालय में पुरुष एवं महिलाओं के लिए अलग-अलग़ वातानुकूलित कमरों का निर्माण किया गया है. इस प्रतीक्षालय के बनने से लोगों को बहुत राहत मिली है.
इस अवसर पर माननीय न्यायाधीश झारखंड उच्च न्यायालय रांची सह प्रशासनिक न्यायाधीश न्याय मंडल चाइबासा न्यायमूर्ति दीपक रोशन ने कहा कि न्याय प्रशासन दिन-ब-दिन आम जनों के सरोकार एवं न्याय व्यवस्था को सुलभ बनाने में तत्पर है. इस प्रतीक्षालय भवन का उद्घाटन इसी कड़ी में एक सराहनीय कदम है.
इस मौके पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मोहम्मद शाकिर ने कहा कि जिले के व्यवहार न्यायालय में साक्षी प्रतीक्षालय की कमी महसूस की जा रही थी. इस पर गंभीरता से विचार करते हुए भवन का निर्माण कार्य पूर्ण करवा दिया गया है.इसका उद्घाटन आज न्यायाधीश झारखंड उच्च न्यायालय रांची सह प्रशासनिक न्यायाधीश न्याय मंडल चाईबासा न्यायमूर्ति दीपक रोशन के द्वारा किया गया.
चाईबासा से राजीव सिंह की रिपोर्ट----