गिरिडीह में पत्रकारों से बातचीत के दौरान नेता प्रतिपक्ष का कांग्रेस नेता पर निशाना,राहुल गांधी के इलाज को लेकर भी की विवादित टिप्पणी
गिरिडीह: झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और भाजपा के वरिष्ठ नेता बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। मंगलवार को गिरिडीह के बरगंडा स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने राहुल गांधी की राजनीतिक कार्यशैली पर सवाल उठाए। मरांडी ने कहा कि अगर राहुल गांधी को किसी मुद्दे पर बहस करनी है तो उन्हें संसद में आकर चर्चा करनी चाहिए।
संसद में बहस करने के बजाय करते हैं हंगामा- मरांडी
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि संसद लोकतंत्र में बहस और चर्चा का संवैधानिक मंच है। लेकिन राहुल गांधी सदन में मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय हंगामा करते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब राहुल गांधी खुद सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं,तो उन्हें बाहर मॉक पार्लियामेंट आयोजित करने की जरूरत क्यों पड़ रही है?
'बाहर मॉक पार्लियामेंट से प्रधानमंत्री बनने का एहसास कर रहे राहुल'
राहुल गांधी पर तंज कसते हुए मरांडी ने कहा कि उन्हें पता है कि वह प्रधानमंत्री नहीं बन सकते। इसलिए बाहर मॉक पार्लियामेंट आयोजित कर कुछ घंटों के लिए प्रधानमंत्री बनने का एहसास कर रहे हैं। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।
राहुल गांधी के इलाज को लेकर भी की टिप्पणी
बाबूलाल मरांडी ने राहुल गांधी के इलाज को लेकर भी विवादित टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को राहुल गांधी का किसी बेहतर अस्पताल में इलाज कराना चाहिए। मरांडी ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो कांग्रेस को इसका बड़ा राजनीतिक खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।
राजनीतिक बयानबाजी से गरमाया माहौल
बाबूलाल मरांडी के इस बयान को कांग्रेस और भाजपा के बीच जारी राजनीतिक जुबानी जंग के तौर पर देखा जा रहा है। राहुलगांधी पर उनके तीखे हमले के बाद झारखंड की राजनीति में एक बार फिर सियासी बयानबाजी तेज होने की संभावना है।
गिरिडीह से नफीस अजहर की रिपोर्ट

