JHARKHAND NEWS : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन व विधायक कल्पना सोरेन को शिव बारात में शामिल होने का निमंत्रण
देवघर:शिवरात्रि महोत्सव समिति के अध्यक्ष अभिषेक आनंद झा ने राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं विधायक कल्पना सोरेन से मुलाकात कर देवघर में आयोजित होने वाली ऐतिहासिक शिव बारात में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया.
अभिषेक आनंद झा ने मुख्यमंत्री एवं विधायक से आग्रह किया कि वे इस वर्ष शिवरात्रि महोत्सव के अवसर पर आयोजित भव्य शिव बारात में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएं. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री दंपती की मौजूदगी न केवल देवघर,बल्कि पूरे राज्य के लिए गौरव का विषय होगी.
समिति के अध्यक्ष ने बताया कि देवघर की शिव बारात राज्य ही नहीं,देशभर में अपनी भव्यता और सांस्कृतिक वैभव के लिए प्रसिद्ध है. हर वर्ष लाखों की संख्या में श्रद्धालु शिव बारात के दर्शन के लिए देवघर पहुंचते हैं. ऐसे में मुख्यमंत्री एवं विधायक की सहभागिता से कार्यक्रम की गरिमा और भी बढ़ेगी.
ज्ञात हो कि शिवरात्रि के अवसर पर निकलने वाली यह शिव बारात धार्मिक आस्था,सांस्कृतिक परंपरा और जनभागीदारी का अद्भुत संगम मानी जाती है,जिसमें विभिन्न झांकियां,अखाड़े और पारंपरिक दल आकर्षण का केंद्र होते हैं.
देवघर से अमर पाठक की रिपोर्ट--





