JHARKHAND POLITICS : जनता दरबार में पोस्टर पर कांग्रेस नेताओं की तस्वीरें ब्लर, कांग्रेस कार्यालय में उठे सवाल

Edited By:  |
jharkhand news jharkhand news

RANCHI : प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के जनता दरबार कार्यक्रम के दौरान एक अजीबोगरीब स्थिति देखने को मिली। कार्यक्रम स्थल पर लगे बड़े फ्लेक्स पोस्टर में कांग्रेस के कई शीर्ष नेताओं की तस्वीरें धुंधली (ब्लर) नजर आईं। हैरानी की बात यह रही कि प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश खुद मौके पर मौजूद थे, लेकिन पोस्टर में उनकी अपनी ही तस्वीर साफ नहीं दिख रही थी।

जानकारी के मुताबिक, जनता दरबार सुबह 11 बजे आयोजित होना था, लेकिन यह करीब एक घंटे की देरी से शुरू हुआ। जैसे ही कार्यक्रम की शुरुआत हुई, उपस्थित लोगों की नजर मंच के पीछे लगे विशाल पोस्टर पर गई। इस पोस्टर में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की दोनों ओर बड़ी तस्वीरें स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही थीं, लेकिन पोस्टर के शीर्ष पर लगी सात नेताओं की तस्वीरों में से केवल तीन कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रदेश प्रभारी के. राजू की तस्वीरें स्पष्ट थीं।

वहीं, प्रदेश सह प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विधायक दल के नेता प्रदीप यादव और उप नेता राजेश कश्यप की तस्वीरें पूरी तरह धुंधली नजर आईं। यह दृश्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं और मीडिया की नजरों से भी नहीं बचा, लेकिन चौंकाने वाली बात यह रही कि पार्टी मुख्यालय में उपस्थित किसी भी नेता या पदाधिकारी ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

पार्टी के किसी भी नेता ने इस पोस्टर को बदलवाने की पहल नहीं की और न ही तस्वीरों के ब्लर होने के कारणों पर कोई स्पष्टीकरण दिया गया। इससे राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि यह तकनीकी त्रुटि हो सकती है, लेकिन प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के प्रति ऐसी अनदेखी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।