बोकारो के बिजुलिया में बिजली सब स्टेशन निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने आज अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों के प्रदर्शन को भाजपा ने भी समर्थन दिया। भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी समेत कई नेता ग्रामीणों के समर्थन में पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।ग्रामीणों का आरोप है कि बिजुलिया में बिजली सब स्टेशन नहीं होने के कारण क्षेत्र में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहती है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि समस्या के समाधान को लेकर बिजली विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। ग्रामीणों ने दो दिनों तक धरना-प्रदर्शन करने की घोषणा की है।

प्रदर्शन में पहुंचे भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी ने कहा कि ग्रामीण बिजली बिल का भुगतान कर रहे हैं, लेकिन उन्हें नियमित बिजली नहीं मिल रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि बिजुलिया में बिजली सब स्टेशन का निर्माण कार्य कब शुरू होगा। अमर बाउरी ने पिछली भाजपा सरकार के दौरान बिजली व्यवस्था का जिक्र करते हुए मौजूदा व्यवस्था पर सवाल उठाए और अधिकारियों से निर्माण कार्य शुरू होने की समय-सीमा बताने की मांग की।

वहीं, बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि फिलहाल मामर कुदर से बिजुलिया में बिजली की आपूर्ति की जा रही है। बिजुलिया में बिजली आपूर्ति को नियमित करने के लिए 5 एमवीए का अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाया गया है। विभाग के मुताबिक एक-दो दिनों में इस ट्रांसफार्मर से बिजली आपूर्ति शुरू हो जाएगी, जिसके बाद ग्रामीणों को बिजली की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।