चाईबासा : झारखंड विधानसभा आम निर्वाचन-2024 के तहत जिला समाहरणालय सभागार में जिले हेतु भारत निर्वाचन आयोग-नई दिल्ली द्वारा प्रतिनियुक्त 52.चाईबासा विधानसभा क्षेत्र के सामान्य प्रेक्षक अनबलागन.पी, 53.मझगांव विधानसभा क्षेत्र के सामान्य प्रेक्षक मनुज गोयल, 54.जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र के सामान्य प्रेक्षक प्रबल सेपाहा, 55.मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के सामान्य प्रेक्षक एस.प्रभाकर, 56.चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र के सामान्य प्रेक्षक दिनेश जैन, सभी विधानसभा क्षेत्र हेतु पुलिस प्रेक्षक अंशुमान भोमिया एवं जिला निर्वाचन पदाधिकारी -सह- उपायुक्त कुलदीप चौधरी, पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर, उप विकास आयुक्त संदीप कुमार मीणा व सभी निर्वाची पदाधिकारी, विभिन्न राजनीतिक दल के प्रतिनिधि/अभ्यर्थी/अभ्यर्थी अभिकर्ता की मौजूदगी में बैठक हुई. इस दौरान ईवीएम मशीन का द्वितीय रेंडमाइजेशन प्रक्रिया पूर्ण किया गया. रेंडमाइजेशन प्रक्रिया के बाद वोटिंग मशीन(बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट व वीवीपैट) को आपस में सलंग्न कर 5 विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत अवस्थित अलग-अलग मतदान केंद्र वार पृथक किया जाना है.

चाईबासा में चुनाव आयोग द्वारा प्रतिनियुक्त प्रेक्षकों ने DC, SP एवं अधिकारियों के साथ की बैठक

बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि चुनाव कार्य को पूरी निष्पक्षता के साथ संपन्न कराने के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्राप्त सभी अनुदेशकों का संपूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि रेंडमाइजेशन उपरांत वोटिंग मशीन का मतदान केंद्र वार समवेत कर टाटा कॉलेज परिसर में डिस्पैच हेतु तैयार केंद्र में कमिश्निंग कार्य किया जाएगा. बैठक में बताया गया कि विधानसभा आम चुनाव 2024 के तहत जिले में 80 मतदान केंद्रों को रीलोकेट किया जा रहा है तथा इसमें संलग्न मतदान केंद्र के मतदाताओं को परिवर्तित मतदान केंद्र पर मतदान सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन के द्वारा आवश्यकता अनुसार यातायात व्यवस्था भी सुलभ करवाई जाएगी. इसके अलावा बताया गया कि जिला निर्वाचन क्षेत्र अंतर्गत 1284 मतदान केंद्रों में से 380 मतदान केंद्र पर सुबह 7:00 से संध्या 4:00 बजे तक तथा शेष 904 मतदान केंद्रों पर सुबह 7:00 बजे से संध्या 5:00 बजे तक मतदान होगा. साथ ही मतदान तिथि 13 नवंबर 2024 के लिए 566 मतदान केंद्र हेतु मतदान दल की रवानगी मतदान तिथि से दो दिन पूर्व यानी 11 नवंबर को और शेष सभी मतदान दल को 12 नवंबर को टाटा कॉलेज परिसर से रवाना किया जाएगा. बैठक में सभी को सूचित किया गया कि मतदान तिथि को मतदान समाप्ति के समय पर केंद्र के परिसर में जितने भी मतदाता मौजूद रहेंगे, उन सभी को नियमानुसार मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर प्रदान किया जाता है.

चाईबासा से राजीव सिंह की रिपोर्ट---