पटना : बिहार की राजनीति में जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने संगठनात्मक विस्तार की दिशा में एक और कदम उठाया है. पार्टी की ओर से प्रदेश राज्य कार्यकारिणी की घोषणा के बाद अब प्रदेश कमिटी की विस्तारित सूची में 10 और नए नाम शामिल किए गए हैं. प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने अपने हस्ताक्षर से नई सूची जारी की है.
जारी सूची के अनुसार, सारण से राखी कुशवाहा को संगठन में जिम्मेदारी सौंपी गई है. वहीं बेगूसराय से अस्मत खातून को जगह मिली है. वैशाली से अरविंद राय और गोपालगंज से कमलेश कुशवाहा को प्रदेश कमिटी में शामिल किया गया है. पूर्वी चंपारण से सतीश कुमार को जिम्मेदारी दी गई है.
इसके अलावा समस्तीपुर से परिमल कुमार और पूर्णिया से प्रसाद महतो को भी प्रदेश कमिटी में शामिल किया गया है. बक्सर से विनोद राय तथा पटना से प्रतिभा सिंह को संगठन में जगह मिली है. वहीं मुजफ्फरपुर से मोहम्मद जमाल का नाम भी विस्तारित सूची में शामिल है.
गौरतलब है कि इससे पहले जेडीयू ने 2026 की प्रदेश राज्य कार्यकारिणी की सूची जारी की थी. इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, पूर्व सांसद वशिष्ठ नारायण सिंह, विजय कुमार चौधरी, विजेंद्र प्रसाद यादव और प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा सहित कई वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया था. मंत्री श्रवण कुमार और निशांत का नाम भी सूची में शामिल था.
पार्टी की ओर से किए जा रहे इस संगठनात्मक विस्तार के तहत अलग-अलग जिलों के नेताओं को प्रदेश स्तर पर जिम्मेदारी दी जा रही है. नई नियुक्तियों के जरिए प्रदेश कमिटी का दायरा बढ़ाया गया है. अब इन नवनियुक्त पदाधिकारियों की भूमिका पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों और सांगठनिक कार्यों में महत्वपूर्ण होगी.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
