नई दिल्ली : केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को राजधानी नई दिल्ली में बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' की टीम से मुलाकात की. इस दौरान फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा, निर्देशक नितेश तिवारी, अभिनेता रणबीर कपूर, अभिनेत्री साई पल्लवी और सह-निर्माता नीरज संघाई सहित टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे. मुलाकात के दौरान महाकाव्य रामायण और फिल्म के माध्यम से प्रभु श्रीराम के जीवन आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के प्रयास पर चर्चा हुई.

अमित शाह ने इस मुलाकात की तस्वीरें अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की. उन्होंने लिखा कि मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम ने अपने जीवन से कर्तव्यपालन, त्याग और सत्यनिष्ठा के जो आदर्श स्थापित किए, उन्हें सिनेमा की आधुनिक तकनीक के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास अभिनव है. उन्होंने इसके लिए फिल्म की पूरी टीम को बधाई दी.

आधुनिक तकनीक से दिखाई जाएगी रामायण की गाथा

फिल्म 'रामायण' का निर्माण नमित मल्होत्रा कर रहे हैं, जबकि निर्देशन की जिम्मेदारी नितेश तिवारी संभाल रहे हैं. फिल्म में रणबीर कपूर प्रभु श्रीराम और साई पल्लवी माता सीता की भूमिका में नजर आएंगी. फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी उत्सुकता है.

फिल्म की टीम ने भी गृह मंत्री से मुलाकात की तस्वीरें अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर साझा कीं और इस मुलाकात को सम्मानजनक अवसर बताया.

इससे पहले 25 नवंबर को फिल्म की टीम ने दिल्ली स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा बंगला साहिब में मत्था टेककर आशीर्वाद लिया था.

फिल्म के जरिए रामायण की कथा को आधुनिक तकनीक और भव्य सिनेमाई प्रस्तुति के साथ दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी है. अमित शाह की शुभकामनाओं से फिल्म की टीम को प्रोत्साहन मिला है.

संजय कुमार की रिपोर्ट-