PATNA : नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू के बड़बोले विधायक गोपाल मंडल इनदिनों सुर्खियों में हैं। बीते दिनों आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद पर दिए गये विवादित बयान के बाद जेडीयू एक्शन में आ गया है। जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा है कि गोपाल मंडल के बयान को पार्टी ने संज्ञान में लिया है।
गोपाल मंडल पर जेडीयू ने लिया संज्ञान
इसके साथ ही जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि लालू प्रसाद पर गोपाल मंडल द्वारा दिए गये बयान का पार्टी ने संज्ञान लिया है। इसके साथ ही पार्टी के सभी विधायकों को चेतावनी दी गई है कि वे ऐसे बयान देने से बचें और उचित प्लेटफॉर्म पर ही अपनी बातें रखें। फिलहाल जेडीयू विधायक गोपाल मंडल के बयान को पार्टी देख रही है।
गोपाल मंडल ने दिया था ये बयान
गौरतलब है कि राहुल गांधी और लालू की मटन पार्टी के बाद नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू के विधायक गोपाल मंडल ने आरजेडी सुप्रीमो पर निशाना साधा था और कहा था कि लालू प्रसाद यादव सठिया गए हैं। गोपाल मंडल ने ये भी कह दिया कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री नहीं बनेंगे।
"सठिया गया है लालू प्रसाद का दिमाग"
रविवार को नीतीश कुमार की पार्टी के विधायक गोपाल मंडल ने कहा कि किसी के कहने से कोई प्रधानमंत्री नहीं बनेगा। लालू यादव हमारे पुराने नेता है। पिछड़ों के मसीहा हैं। हम लोगों ने उनके नेतृत्व में चुनाव लड़ा है लेकिन अब उनकी उम्र हो गई है, किडनी ट्रांसप्लांट हुआ है। थोड़ा उनका दिमाग सठिया गया है।
राहुल गांधी पर भी साधा था निशाना
गोपाल मंडल यहीं नहीं रूके और उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अयोग्य हैं। उनके कुल खानदान से प्रधानमंत्री बनते आए हैं लेकिन लालू यादव के कहने से राहुल गांधी प्रधानमंत्री नहीं बनेंगे। गोपाल मंडल ने इशारों - इशारों में लालू यादव को राजनीति से दूर किए जाने की सलाह भी दे डाली। उन्होंने कहा कि बुढ़ापे में आदमी का दिमाग लचर-पचर (अस्थिर) हो जाता है। आप देखिए न, अटल जी को गुम (राजनीति से दूर) कर दिया गया था।

