रांची : जमीन घोटाले मामले के आरोपी निलंबित आईएएस छवि रंजन और दलाल प्रेम प्रकाश के बीच जेल में मुलाकात का सीसीटीवी फुटेज ईडी के हाथ लगने के बाद एक बार फिर इस मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है. भाजपा इस पर कई राजनेताओं के शामिल होने की बात का सीबीआई जांच की मांग शुरू कर दी है तो कांग्रेस भाजपा की इस मांग को सिरे से ठुकरा रही है.
सूबे में घोटाले बाजों का तंत्र कितना मजबूत है इसकी बानगी जमीन घोटाले की जांच कर रही ईडी के हाथ लगी बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा कि वह फुटेज है जिसमें जमीन घोटाले का किंगपिन रांची के पूर्व डीसी और निलंबित आईएएस छवि रंजन एक बड़े दलाल प्रेम प्रकाश के साथ न सिर्फ मुलाकात कर रहे हैं बल्कि उनके बीच काफी लंबी बातचीत भी हो रही है. शायद यही वजह है कि अब बीजेपी भी इस घोटाले की जांच सीबीआई से कराने की मांग कर रही है. बीजेपी के नेताओं का मानना है कि यह घोटाला इतना बड़ा है और इसमें और भी कई बड़े अफसर नेता और दलाल शामिल है. ऐसे में सीबीआई इस जांच को अंजाम तक पहुंचा सकती है.
जमीन घोटाला मामले की सीबीआई जांच और इसमें कई बड़े नेता और अफसरों के शामिल होने के भाजपा के आरोपों को कांग्रेस सिरे से नकार रही है. कांग्रेस नेताओं की मानें तो ईडी इस मामले की जांच कर रही है और अभी तक कोई परिणाम सामने नहीं आया है. ऐसे में भाजपा को इस मामले को लेकर इतना उतावलापन क्यों है. भाजपा नेताओं को इस पर जवाब देना चाहिए ना की सीबीआई जांच की मांग करनी चाहिए. वहीं इस पूरे मामले को लेकर आम जनों ने भी अब अधिकारियों के प्रति एक भरोसा उठता सा जा रहा है. जमीन गड़बड़ी के एक मामले को लेकर ईडी कार्यालय में पहुंचा शख्स भी अब यह सवाल करने लगा है कि जिन अधिकारियों के जिम्मे में हमारी सुरक्षा हमारे कल्याण की योजनाओं को लागू करना है वही जब बड़े घोटाले में फंसे हुए हैं तो फिर हम लोगों का क्या होगा.
