कल्याणपुर हाईवे पर वाहन जांच के दौरान मिला गांजा,ट्रक में बॉक्सनुमा जगह बनाकर छिपाई गई थी खेप;तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सदर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 426 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने गांजा लदे ट्रक को भी जब्त कर लिया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में नशा तस्करी के नेटवर्क को लेकर जांच तेज कर दी गई है।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने चलाया वाहन जांच अभियान
गढ़वा सदर थाना परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में एसडीपीओ दिलू लोहरा ने पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गढ़वा एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक के जरिए भारी मात्रा में गांजे की तस्करी की जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने देर रात कल्याणपुर हाईवे पर वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान पुलिस की नजर सड़क किनारे खड़े एक संदिग्ध ट्रक पर पड़ी।

ट्रक में बना रखा था बॉक्सनुमा गुप्त स्थान
संदेह होने पर पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली। जांच के दौरान ट्रक के अंदर विशेष रूप से बॉक्सनुमा जगह बनाई गई थी। पुलिस ने जब इस छिपे हुए स्थान की तलाशी ली तो उसके अंदर से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, ट्रक से कुल 426 किलो गांजा जब्त किया गया है। इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है।

गांजा कहां से आया,कहां होनी थी सप्लाई?जांच में जुटी पुलिस
इस पूरे मामले में पुलिस अब गांजे की खेप के स्रोत और उसकी सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। जांच की जा रही है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। फिलहाल पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

गढवा से धर्मेंद्र कुमार की रिपोर्ट