रांचीःझारखंड में गर्मी सारे रिकॉर्ड तोड़ रही है। हीटवेव से झुलस रहे झारखंड के ज्यादातर इलाकों में बुधवार को 40 से लेकर 48 डिग्री तक का अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। रांची स्थित मौसम केंद्र ने कहा है कि गुरुवार को भी उच्च तापमान और हीटवेव से राहत की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को गढ़वा जिला मुख्यालय का अधिकतम तापमान राज्य में सबसे ज्यादा 48 डिग्री दर्ज किया गया है। पलामू का तापमान 47.8 डिग्री रहा। बताया गया है कि एक दशक में इन जिलों में यह सर्वाधिक तापमान है। रांची में 42.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा जो कि सामान्य से काफी अधिक है।

रांची समेत कई जिलों के लिए हीट वेव का लेकर अलर्ट

जमशेदपुर, सरायकेला, बोकारो, चतरा, गिरिडीह और रामगढ़ जिले का अधिकतम तापमान 45 डिग्री या उससे ज्यादा रहा। करीब तीन दशक पहले तक पूर्वी भारत के हिल स्टेशनों में गिने जाने वाले रांची में भी अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री दर्ज किया गया। साहेबगंज बुधवार को राज्य के बाकी जिलों की तुलना में कम गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री मापा गया है। हालांकि संभावना जताई जा रही है किरांची और संताल परगना के इलाकों में हल्की बारिश के साथ गर्जन और वज्रपात हो सकता है। इन दो दिनों में पुरवइया हवा चलने से लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है। अस्पताल में भी हीट स्ट्रोक से प्रभावित लोगों की संख्या बढ़ी है। डॉक्टरों की ओर से हीट स्ट्रोक के जोखिम से बचे रहने के लिए सीधे धूप में निकलने से बचने की सलाह दी गई है। इसके अलावा डिहाइड्रेशन के जोखिमों को कम करने के लिए खूब पानी पीते रहना जरूरी है।