रांची :मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से झारखंड कांग्रेस के नेताओं ने मुलाकात की है. ये मुलाकात कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई. झारखंड कांग्रेस प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर, झारखंड कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और झारखंड कांग्रेस विधायक दल के नेता रामेश्वर उरांव ने मुख्यंत्री से मुलाकात की. मंत्री बन्ना गुप्ता, मंत्री इरफान अंसारी, विधायक कल्पना सोरेन, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रणव झा, झारखंड कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर सहित अन्य उपस्थित रहे.


विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेताओं की ये मुलाकात काफी अहम माना जा रहा है. यूं तो इस मुलाकात के दौरान जनहित से जुड़े कई अहम मुद्दों, राज्य में चल रहे विकासात्मक योजनाओं के कार्यान्वयन और झारखंड के वर्तमान राजनीतिक हालात पर चर्चा की गई. आपको बता दें मुख्यमंत्री से मिलने से पहले झारखंड कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई है. इस बैठक में विधानसभा चुनाव पर मंथन हुआ है. साथ ही सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और 2109 के मेनिफेस्टों के अनुसार जो काम बचा रह गया है, उसे पूरा करने के लिये सरकार पर दबाव बनाने का फैसला लिया गया. विधायक दल की बैठक के बाद कांग्रेस नेताओं का मुख्यमंत्री से मिलना काफी अहम माना जा रहा है.

