PATNA : युवाओं को गलत नशे से दूर करने और नशामुक्त बिहार बनाने के लिए हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा युवा प्रकोष्ठ की ओर से गर्दनीबाग धरना स्थल पर एक दिवसीय धरना का आयोजन किया गया। इस मौके पर जीतन राम मांझी की पार्टी हिन्दुस्तान अवाम मोर्चा के कई नेता मौजूद रहे।
'बिहार में शराबबंदी महज एक धोखा'
धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए हिंदुस्तान अवाम मोर्चा युवा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमाल परवेज ने कहा कि बिहार में शराबबंदी महज एक धोखा है और बिहार को नशा मुक्त बनाना बिहार की जरूरत है। उन्होंने कहा कि एक ओर जहां बिहार के युवक-युवतियां शराबबंदी में गलत नशे जैसे चरस, गांजा, अफीम, सुलेशन जैसे गंभीर नशे के शिकार हो रहे हैं तो दूसरी ओर पुलिस की मिलीभगत से शराब की होम डिलीवरी की जा रही है, जो बिहार के लिए ठीक नहीं है।

'जहरीली शराब से सैकड़ों लोगों की हो रही मौत'
उन्होंने कहा कि शराबबंदी की आड़ में बिक रहे जहरीली शराब से हर साल सैकड़ों लोग मारे जा रहे हैं और सरकार शराबबंदी कानून की आड़ में इन गरीबों की मौत हो जाने पर मुआवजा तक नहीं दे रही है। और तो और सरकार की ओर से जहरीली शराब बनाने वाले और उसे बेचने वाले मौत के सौदागर पर भी सरकार की ओर से बड़ी कार्रवाई नहीं की जा रही है। इस मामले में सरकारी अधिकारी महज खानापूर्ति कर रहे हैं।
'हम' के कई नेताओं ने दिया धरना
इस मौके पर हिंदुस्तान आवाम मोर्चा के जिला अध्यक्ष रणविजय कुमार, जिला उपाध्यक्ष राजेश प्रसाद, राष्ट्रीय सचिव युवा सूरज कुमार पाण्डेय, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रुबी राजपूत, सोनी कुमारी, पटना महानगर के कोषाध्यक्ष रविंद्र बाबा, प्रशांत कुमार, अशोक कुमार, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी साकेत यादव, मोहम्मद आजाद, हम पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी गिरिधारी सिंह, कुणाल सिंह, उमेश कुमार दास, युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनोज कुमार सिन्हा, विश्वनाथ यादव, सुरेश कुमार, विक्की खान, मनोज मामा सहित सैकड़ों की संख्या में हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के नेताओं ने धरना किया।

