रोहतास : खबर है रोहतास से जहाँ इन दिनों एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आप देख सकते हैं कैसे ईट भट्ठा पर काम करने वाला एक मजदूर पार्श्व गायक कुमार सानू के गीतों को हुबहू गा रहा है। वीडियो वायरल होते ही बिक्रमगंज के रहने वाले मजदूर राकेश रंजन की लोकप्रियता काफी बढ़ने लगी है।

ईंट भट्टी में मजदूरी कर अपना जीवन यापन करने वाला राकेश खासकर 90 के दशक के कर्णप्रिय गाने जब गाता है, तो सुनकर ऐसा लगता है कि कुमार सानू की आवाज हूबहू उतर आई हो। उसके आवाज में दर्द और पार्श्व गायन की कशिश देख हर कोई हैरान है।

वहीँ राकेश रंजन बताते हैं कि वे ठीक-ठाक परिवार से हैं, लेकिन उनके गायन के शौक ने उन्हें सबसे बेगाना बना दिया है। छोटा मोटा काम-धाम शुरू किया, लेकिन जब कुछ नहीं चल पाया तो बिक्रमगंज के एक ईंट भट्ठा में मुंशी के साथ-साथ मजदूरी का भी काम करने लगा। उसने कहा है कि मौका मिला तो जरूर गायिकी में आगे बढ़ना चाहता है।

साथ ही उन्होंने कहा कि उसे बस एक मौके की तलाश है। अगर उसे मौका मिला तो वह कुछ कर दिखाएगा। अपने प्रदेश, अपने जिला तथा सब का नाम रौशन करेगा। उसने बताया कि पिछले कई वर्षों से वह लगातार रियाज कर रहा है। बचपन से ही गाता गुनगुनाता है। लेकिन लाख प्रयास के बाद भी कहीं मौका नहीं मिला। लेकिन जिस तरह से कुछ दिनों में उसका वीडियो वायरल हुआ उसके बाद उसे भी उम्मीद जगी है कि कोई ना कोई रहनुमा उसे जरूर मिलेगा। जो आने वाले कल के लिए रास्ता दिखाएगा। फिलहाल उसके हौसले में कहीं कोई कमी नहीं है।