GOPALGANJ :गोपालगंज पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने कौशल विकास केंद्र से चोरी हुए 21 लैपटॉप के साथ 4 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार चोरों में गोपालगंज के कटेया थाना क्षेत्र का रंजीत कुमार शर्मा, राजन चौहान और यूपी के कुशीनगर का वितुल चौहान और रंजीत गोंड शामिल है।
बहन की शादी के लिए भाई बना चोर
इस पूरे मामले पर जिले के पुलिस कप्तान स्वर्ण प्रभात ने बताया कि बीते 9 जुलाई को कटेया थाना क्षेत्र के चक्रपान गांव स्थित प्रधानमंत्री कौशल विकास केन्द्र का ताला तोड़कर 21 लैपटॉप की चोरी कर ली गयी थी। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हथुआ SDPO अनुराग कुमार के नेतृत्व में SIT का गठन किया गया था।
21 लैपटॉप के साथ सभी सामान बरामद
SIT ने तकनीकी अनुसंधान, लोकल इनपुट की मदद से कांड में संलिप्त चार चोरों को गिरफ्तार कर लिया है और इनकी निशानदेही पर चोरी किए गए 21 लैपटॉप, चार्जर के साथ कई सामान बरामद किए गये हैं।
पुलिस की पूछताछ के दौरान गिरफ्तार रंजीत कुमार शर्मा ने बताया कि उसकी बहन की शादी होने वाली थी। आर्थिक तंगी और पैसे नहीं होने के कारण उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। हांलाकि, गिरफ्तार किए गये चोरों का पहले से कोई आपराधिक इतिहास नहीं रहा है। वहीं, बहन की शादी के लिए चोर बने भाई की चर्चा खूब हो रही है।
