Hindi News / तीन माह से वेतन नहीं मिलने पर शिक्षकों में आक्रोश,तीन दिन में भुगतान...

गयाजी : तीन माह से वेतन नहीं मिलने पर शिक्षकों में आक्रोश,तीन दिन में भुगतान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

Edited By:  |
gayaji gayaji

गया:जिले के गांधी मैदान स्थित गांधी मंडप में रविवार को बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ गोप गुट मूल की इकाई की विस्तारित बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता इंदल पासवान ने की। इस दौरान शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर चर्चा हुई और पुरानी जिला कमेटी को भंग कर नई 13 सदस्यीय तदर्थ कमेटी का गठन किया गया।

बैठक में सर्व शिक्षा अभियान के तहत वेतन पाने वाले शिक्षकों के पिछले तीन महीने से लंबित वेतन भुगतान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। शिक्षक नेताओं ने कहा कि तीन माह से वेतन नहीं मिलने के कारण शिक्षक आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। मकान का किराया, बच्चों की स्कूल फीस, बैंक लोन की किस्त और गंभीर बीमारी के इलाज जैसे जरूरी खर्चों को पूरा करने में उन्हें परेशानी हो रही है।

शिक्षक संघ ने जिला शिक्षा पदाधिकारी से *तीन दिनों के अंदर जिले के सभी शिक्षकों के लंबित वेतन का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है। संघ नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा में वेतन का भुगतान नहीं हुआ तो जिले के शिक्षक धारावाहिक आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। नेताओं ने कहा कि आंदोलन की स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी पूरी जवाबदेही शिक्षा विभाग के अधिकारियों की होगी।

बैठक में शिक्षा विभाग के कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर रोक लगाने, एरियर भुगतान में मनमानी समाप्त करने, विशिष्ट शिक्षकों को वेतन वृद्धि का लाभ देने, सेवांत लाभ का समय पर भुगतान करने सहित अन्य मांगों को भी प्रमुखता से उठाया गया।

बैठक के दौरान पुरानी कमेटी को भंग कर सर्वसम्मति से 13 सदस्यीय नई तदर्थ जिला कमेटी का गठन किया गया। *अरविंद प्रसाद को जिला अध्यक्ष, प्रमोद कुमार प्रभाकर को जिला सचिव, शंकर कुमार को कोषाध्यक्ष, मुन्ना कुमार को प्रमंडलीय संयोजक और अभय कुमार को राज्य सचिव* बनाया गया।

वहीं, संयुक्त सचिव के पद पर डॉ. विनय पासवान, विनय कुमार, कुमारी सपना, रमेश कुमार और मोहम्मद मुर्तजा अहमद को मनोनीत किया गया। उपाध्यक्ष के पद पर जयंत कुमार, कपिल प्रसाद, रामस्वरूप सिंह, प्रमोद कुमार पासवान और विजय कुमार चौधरी को जिम्मेदारी दी गई।

बैठक में पर्यवेक्षक के रूप में राज्य अध्यक्ष बच्चू कुमार, राज्य कोषाध्यक्ष राम उदय कुमार और जहानाबाद से संघर्ष अध्यक्ष अरविंद कुमार राकेश मौजूद रहे। बैठक में शिक्षक नेताओं ने कहा कि नई कमेटी शिक्षकों की समस्याओं और उनके अधिकारों को लेकर मजबूती से संघर्ष करेगी।