Hindi News / स्वतंत्रता सेनानी स्व. देवशरण सिंह की मनायी गयी 123वीं जयंती, बिहार विधान परिषद...

Bihar News : स्वतंत्रता सेनानी स्व. देवशरण सिंह की मनायी गयी 123वीं जयंती, बिहार विधान परिषद के सभापति की अध्यक्षता में हुआ कार्यक्रम

Edited By:  |
 Freedom fighter late Devsharan Singh's 123rd birth anniversary was celebrated.  Freedom fighter late Devsharan Singh's 123rd birth anniversary was celebrated.

PATNA :बिहार विधान परिषद में आज अमर स्वतंत्रता सेनानी स्व. देवशरण सिंह की 123वीं जयंती मनाई गई। समारोह की अध्यक्षता बिहार विधान परिषद् के सभापति देवेश चंद्र ठाकुर ने किया। वहीं, मंच का संचालन डॉ. रामवचन राय ने किया।


स्व. देवशरण सिंह की मनायी गयी 123वीं जयंती

इस मौके पर बिहार विधान परिषद् के सभापति ने स्व. देवशरण बाबू को याद करते हुए कहा कि भारत के महान गौरव का श्रेय हमारे क्रांतिकारियों, महात्माओं, संतो, विद्वानों, दार्शनिकों, श्रमिकों, किसानों एवं व्यावसायियों को जाता है। ये हमारे प्रेरणास्‍त्रोत हैं। इन्हीं महान शख्सियतों में एक थे बिहार विधान परिषद् के पूर्व सभापति बाबू देवशरण सिंह। अपने छात्र जीवन में ही उन्होंने 1920 में असहयोग आंदोलन में भाग लिया। स्वतंत्रता संग्राम में इनकी महती भूमिका रही है। इन्‍होंने सविनय अवज्ञा आंदोलन और भारत छोड़ो आंदोलन में सक्रिय रूप से भाग लिया।


किसान आंदोलन में थी सक्रिय भूमिका

इस दौरान उन्हें कई बार जेल भी जाना पड़ा, बर्फ की सिल्लियों पर लेटा कर उन्हें कठोर यातनाएं दी गई। 1936 के किसान आंदोलन में इनकी सक्रिय भूमिका अविस्मरणीय है। पेशे से वकील स्व. देवशरण बाबू राजनीति के माहिर खिलाड़ी थे। स्वतंत्र भारत में बिहार प्रांत के मंत्रिमंडल में इन्होंने श्रीकृष्ण बाबू के दिशा-निर्देशन में स्वास्‍थ्‍य मंत्री के रूप में अपनी जवाबदेही का जो निर्वहन किया और प्रांत की सेवा में जो उल्लेखनीय कार्य किए, वे आज भी मील के पत्थर सिद्ध हो रहें हैं।

इन्‍होंने 30 अगस्‍त 1965 से 6 मई 1968 तक बिहार विधान परिषद् के सभापति के पद को भी सुशोभित किया। सामाजिक एवं राजनीतिक मुद्दों पर उत्कृष्‍ट पुस्तकों के अध्ययन में उनकी विशेष रूचि थी। गरीबों एवं मेधावी विद्यार्थियों की सहायता करने में उन्‍हें आत्म संतुष्टि का अनुभव होता था। शोषण-मुक्त एवं जाति-विहीन समाज की स्थापना में उनका अटूट विश्वास था। जिन उद्श्यों के लिए उन्होंने जीवन भर संघर्ष किया, वे उद्देश्य आज भी हमारा मार्गदर्शन करते हैं। उनका जीवन हमें अपने अधिकारों के लिए लड़ने की प्रेरणा देता रहा है। वह एक महान देशभक्त और दृढ़ इच्‍छाशक्ति वाले दूरदर्शी व्यक्तित्व के धनी पुरूष थे।

मौके पर कई गणमान्य थे मौजूद

इस जयंती समारोह में वित्त, वाणिज्य कर एवं संसदीय कार्य विजय कुमार चौधरी, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेसी सिंह, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, मुख्य सचेतक सत्तारूढ़ दल संजय कुमार सिंह उर्फ गंधी जी, सचेतक सत्तारूढ़ दल नीरज कुमार, विधान परिषद् के पूर्व सभापति एवं मदरसा बोर्ड के अध्यक्ष सलीम परवेज, अति पिछड़ा आयोग के अध्यक्ष नवीन आर्या, खाद्य उपभोक्ता संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य नंद किशोर कुशवाहा सहित बिहार विधान परिषद के अनेक वर्तमान एवं पूर्व सदस्यों ने भी समारोह में भाग लिया।

इसके अतिरिक्त बिहार विधान परिषद के कार्यकारी सचिव विनोद कुमार, निदेशक कमलेंदु कुमार सिंह परिषद् सचिवालय के पदाधिकारीगण एवं कर्मचारीगण के साथ-साथ कई गणमान्‍य लोग उपस्थित थे। धन्यवाद ज्ञापन कार्यकारी सचिव विनोद कुमार ने किया।