बेतिया :पश्चिम चंपारण में शिक्षकों के बीच मारपीट हुई है. मामला मैनाटाड प्रखंड के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पूर्वी पकुहवा का है. यहां मध्यांतर के समय हेड मास्टर सतेंद्र कुमार और सहायक शिक्षक सुनील कुमार के बीच मारपीट हुई. इससे नाराज छात्रों ने बेतिया मैनाटाड़ मुख्य पथ को विद्यालय के सामने जाम कर दिया. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. मामले की जानकारी मिलते ही विधायक वीरेंद्र गुप्ता ने छात्रों को समझा बूझकर सड़क जाम समाप्त कराया और बच्चों को विद्यालय में लेकर गये.

छात्रों से पहले शिक्षकों के MDM खाने का HM ने किया विरोध, जमकर बवाल

मिली जानकारी के अनुसार मध्यांतर के समय सहायक शिक्षक सुनील कुमार सहित तीन- चार अन्य शिक्षक खाना खा रहे थे. इस दौरान प्रधानाध्यापक सत्येंद्र कुमार आये और बोले कि पहले छात्र-छात्राओं को खाना खा लेने दीजिए उसके बाद आप लोग खाना खाइयेगा. उन्होंने सहायक शिक्षकों के छात्रों से पहले खाना खाने का विरोध किया. इसी पर सहायक शिक्षक सुनील कुमार आग बबूला हो गया और प्रधानाध्यापक सत्येंद्र कुमार से भिड़ गये. मारपीट के दौरान प्रधानाध्यापक को मुंह पर गंभीर चोट लग गई. उन्हे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया. जहां उनका इलाज किया गया. सड़क जाम और विद्यालय में हंगामा को लेकर काफी संख्या में अभिभावक विद्यालय में पहुंच गये. सहायक शिक्षक सुनील कुमार के द्वारा प्रधानाध्यापक को मार कर घायल करने के मामले से नाराज अभिभावकों ने आरोपी शिक्षक सुनील कुमार की जमकर धुनाई कर दी. किसी तरह मौके पर मौजूद अन्य शिक्षकों ने सहायक शिक्षक सुनील कुमार को आक्रोशित अभिभावकों से बचाकर उपरी मंजिल पर भेजा.

छात्रों से पहले शिक्षकों के MDM खाने का HM ने किया विरोध, जमकर बवाल

वहीं बीईओ कृष्णा कुमारी ने बताया कि मामले की जानकारी हमें भी मिली है. मैं विद्यालय जा रही हूं. मामले की जांच कर जो भी दोषी शिक्षक होंगे उनके विरुद्ध कार्रवाई के लिए वरीय अधिकारियों को लिखा जायेगा. विद्यालय में यह मारपीट का मामला कहीं से बर्दाश्त योग्य नहीं है.विधायक वीरेंद्र गुप्ता ने कहा कि विद्यालय परिसर में प्रधानाध्यापक और शिक्षक के बीच मारपीट कतई बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. दोनों पर कार्रवाई होनी चाहिए.साथ ही उन्होंने बताया कि वो डीपीओ को फोन कर मामले की जानकारी दे दिये हैं. मामले की जांच कर कार्रवाई की जायेगी