धनबाद पहुंचे मुख्य चुनाव पदाधिकारी : के.रवि कुमार ने EVM वेयरहाउस में सुरक्षा सहित अन्य व्यवस्थाओं का लिया जायजा
धनबाद: मुख्य चुनाव पदाधिकारी के.रवि कुमार सोमवार को धनबाद पहुंचे. कोहिनूर मैदान स्थित ईवीएम वेयरहाउस की त्रैमासिक समीक्षा जिला प्रशासन और निर्वाचन विभाग की मौजूदगी में की गई. निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस के सभी कमरों को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में खोला गया और ईवीएम की सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया. जांच में सभी मशीनें सुरक्षित और व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं.
उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान सभी मानकों की जांच की गई है और इसकी रिपोर्ट तैयार कर निर्वाचन आयोग को भेजी जाएगी. हालांकि,वेयरहाउस भवन का अनापत्ति प्रमाण पत्र यानी एनओसी अभी प्राप्त नहीं हुआ है,जिसका उल्लेख रिपोर्ट में किया जाएगा.
के.रवि ने ये भी कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देश के अनुसार प्रत्येक तीन महीने पर राज्य के सभी जिलों में ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया जाता है. इसी क्रम में वे धनबाद सहित झारखंड के सभी जिलों में यह समीक्षा की,ताकि ईवीएम की सुरक्षा और रखरखाव की लगातार निगरानी सुनिश्चित की जा सके.
त्रैमासिक समीक्षा के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी आदित्य रंजन, एसडीएम लोकेश बारंगी, मुख्य चुनाव पदाधिकारी के.रवि सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे. निरीक्षण के बाद मुख्य चुनाव पदाधिकारी के. रवि ने बताया कि ईवीएम वेयरहाउस में रखी सभी मशीनें सुरक्षित हैं और भवन की सुरक्षा व्यवस्था भी सामान्य पाई गई है.





