देवर ने भाभी की निर्मम हत्या की : आरोपी देवर को गुमला पुलिस ने किया गिरफ्तार


गुमला थाना क्षेत्र के छोटा लोरो गांव में प्रदीप उरांव द्वारा अपनी 30 वर्षीय भाभी देवकी देवी की टांगी से काटकर हत्या कर दी गई।इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बताते चलें कि मृतका देवकी देवी के पति रवि उरांव का 2 दिसंबर 2020 को जोड़ाजाम के समीप हत्या कर दी गई थी। वह ऑटो चालक था। अनुसंधान में हत्या के पीछे पत्नी देवकी देवी का नाम आया था, जिसका खुलासा पुलिस ने प्रेस वार्ता में किया था। इसके बाद देवकी देवी को जेल भेज दिया गया था।
जमानत के बाद जेल से छूटने के बाद देवकी देवी अपने ससुराल छोटा लोरो गांव में ही दो मासूम बच्चे 12 वर्षीय सुशांत कुमार और 8 वर्षीय परी कुमारी के साथ रहती थी। देवकी का देवर प्रदीप उरांव अपने भाई की हत्या करवाने के कारण भाभी से काफी नफरत करता था।वह हमेशा भाभी को प्रताड़ित कर गांव से बेदखल करने की कोशिश में लगा रहता था। 2 दिन पूर्व गांव में पंचायती हुई थी जिसमें पंचायत में देवकी देवी को गांव से बाहर निकालने का निर्णय लिया गया था। इसके बाद देवकी देवी ने गुमला थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।इसके बाद देवर द्वारा तेज हथियार से काटकर अपनी भाभी की हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल पहुंचाया। महिला की हत्या के बाद उसके दो बच्चे अनाथ हो गए हैं।