हरियाणा से मुजफ्फरपुर ले जाई जा रही थी20लाख की विदेशी शराब, NH-922पर उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई
आरा: बिहार में दीपावली पर्व को देखते हुए अवैध शराब के खिलाफ मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग का अभियान तेज हो गया है। इसी क्रम में भोजपुर जिले में उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक यात्री बस से 1350 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की है। शराब की तस्करी के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त शराब की बाजार कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है।
गुप्त सूचना पर उत्पाद विभाग ने बिछाया जाल
जानकारी के अनुसार, 2 नवंबर 2026 को सहायक आयुक्त मद्यनिषेध, भोजपुर को गुप्त सूचना मिली थी कि हरियाणा से एक यात्री बस के जरिए भारी मात्रा में विदेशी शराब बिहार के मुजफ्फरपुर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही सहायक आयुक्त ने निरीक्षक प्रकाश चंद्र के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की। इसके बाद टीम ने बक्सर-आरा-पटना NH-922 पर गीधा थाना क्षेत्र के ज्ञानपुर मोड़ के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया।
बस के गुप्त तहखाने में छिपाई गई थी शराब
वाहन जांच के दौरान उत्तर प्रदेश नंबर की छह चक्का यात्री बस (UP57AT4206) को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बस में विशेष रूप से बनाए गए गुप्त तहखाने का पता चला। इसी तहखाने में छिपाकर रखी गई 1350 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद हुई। शराब की इतनी बड़ी खेप मिलने के बाद उत्पाद विभाग की टीम ने बस को जब्त कर लिया और मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मधुबनी के तीन तस्कर गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मधुबनी जिले के विरेन्द्र कुमार सिंह, राजीव कुमार यादव और रामजी कुमार साह के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शराब की यह खेप हरियाणा से मुजफ्फरपुर पहुंचाई जानी थी।
निरीक्षक प्रकाश चंद्र के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
पूरी कार्रवाई निरीक्षक प्रकाश चंद्र के नेतृत्व में की गई। छापेमारी टीम में अवर निरीक्षक शिवम कुमार झा, सहायक अवर निरीक्षक राजकुमार राजा समेत गृहरक्षक और सैप बल के जवान शामिल थे। उत्पाद विभाग के अनुसार, गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं, हरियाणा से बिहार तक शराब की खेप पहुंचाने वाले नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
दीपावली से पहले शराब तस्करों पर शिकंजा
दीपावली के मद्देनजर बिहार में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए उत्पाद विभाग लगातार छापेमारी और वाहन जांच अभियान चला रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि शराब तस्करी के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। भोजपुर में हुई इस कार्रवाई को शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
आरा से विवेक कुमार सिंह का रिपोर्ट

