Hindi News / उद्योगपति अनिल अग्रवाल ने IPL टीम देने की मांग उठाई, सीएम सम्राट चौधरी...

बिहार IPL टीम की मांग तेज़ : उद्योगपति अनिल अग्रवाल ने IPL टीम देने की मांग उठाई, सीएम सम्राट चौधरी ने जताया समर्थन

Edited By:  |
 Demand for Bihar IPL team intensifies  Demand for Bihar IPL team intensifies

पटना- उद्योगपति अनिल अग्रवाल ने बिहार के लिए IPL टीम की जरूरत को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि जिस तरह चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स जैसी टीमें देश के बड़े शहरों का प्रतिनिधित्व करती हैं, उसी तरह बिहार की भी अपनी IPL टीम होनी चाहिए।

अनिल अग्रवाल ने अपने बयान में बिहार के क्रिकेट टैलेंट की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उदाहरण के तौर पर उन्होंने ईशान किशन, वैभव सूर्यवंशी और साकिब हुसैन जैसे खिलाड़ियों का जिक्र किया।उन्होंने कहा कि बिहार के खिलाड़ियों को सिर्फ बेहतर मंच और सुविधाओं की जरूरत है, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

अनिल अग्रवाल ने कहा कि अगर देश के बड़े शहर IPL में अपनी टीमों के साथ सफल हो सकते हैं, तो बिहार भी इस लीग में अपनी पहचान बना सकता है। उन्होंने इसे राज्य के खेल विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

इस मुद्दे पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी प्रतिक्रिया दी है। जानकारी के अनुसार उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए अनिल अग्रवाल के विचार का समर्थन किया और कहा कि इस प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा।इस बयान के बाद बिहार के खेल प्रेमियों और युवाओं में उत्साह देखा जा रहा है। लोग इसे बिहार क्रिकेट के भविष्य के लिए एक बड़ा अवसर मान रहे हैं।बिहार को IPL टीम मिलने का विचार अभी शुरुआती चरण में है, लेकिन इस पर बड़े उद्योगपति और राज्य नेतृत्व की सहमति ने इसे चर्चा का बड़ा विषय बना दिया है।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट