मधेपुरा : बिहार के मधेपुरा में शुक्रवार को दिनदहाड़े अपराधियों ने पूर्व शिक्षा मंत्री और राजद विधायक चंद्रशेखर यादव के ममेरे भाई प्रिंस रंजन कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना मधेपुरा सदर थाना क्षेत्र के साहुगढ़ स्थित गोढ़ियारी चिमनी के पास घैलाढ़ रोड पर हुई. पुलिस के अनुसार, मोबाइल छिनतई का विरोध करने के दौरान अपराधियों ने युवक को गोली मार दी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.


विश्वविद्यालय जाने के दौरान वारदात


मृतक की पहचान घैलाढ़ प्रखंड के इनरवा गांव निवासी 25 वर्षीय प्रिंस रंजन कुमार के रूप में हुई है. वह बीएन मंडल विश्वविद्यालय में पीएचडी के छात्र थे. जानकारी के अनुसार,शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे वह बाइक से घर से विश्वविद्यालय जाने के लिए निकले थे. इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया. गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए. अस्पताल ले जाने के दौरान उनकी मौत हो गई.


घटनास्थल से फरार हुए अपराधी


गोली चलने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे,लेकिन तब तक अपराधी फरार हो चुके थे. सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की. फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.


पूर्व मंत्री ने उठाए कानून-व्यवस्था पर सवाल


पूर्व शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर ने घटना पर दुख जताते हुए बिहार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए. उन्होंने अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की. उनका दावा है कि संबंधित सड़क पर पिछले छह महीनों में मोबाइल और बाइक छिनतई की कई घटनाएं हो चुकी है.


एसडीपीओ अजय कुमार के अनुसार,मामले की जांच जारी है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है. पुलिस घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है.

संजय कुमार की रिपोर्ट-