पटना: ग्रामीण विकास विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री एवं जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार शुक्रवार को खगड़िया में स्वर्गीय इंजीनियर अवधेश कुमार सिंह के श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल हुए. मानसी स्थित पैतृक आवास पर उन्होंने स्वर्गीय अवधेश जी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की.

मंत्री ने कहा कि अवधेश जी का निधन सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है. वे समता पार्टी के स्थापना काल से ही संगठन से जुड़े रहे और अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में पार्टी तथा समाज के प्रति समर्पित भूमिका निभाई. संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और सामाजिक सरोकार सदैव स्मरणीय रहेंगे.

मंत्री ने स्वर्गीय अवधेश कुमार सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके सामाजिक योगदान, जनसेवा के प्रति समर्पण और सार्वजनिक जीवन में सक्रिय भूमिका को याद किया. कहा कि अवधेश जी ने इंजीनियरिंग की शिक्षा लेने के बाद अपने सामने एक उज्ज्वल पेशेवर जीवन का अवसर होने के बावजूद सामाजिक कार्यों और जनसेवा को विशेष महत्व दिया. उन्होंने समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़कर काम किया. उनका जीवन उदाहरण है कि शिक्षा, योग्यता और अनुभव का वास्तविक महत्व तब ही है, जब उनका उपयोग समाज के हित के लिए किया जाए.

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में अवधेश जी के सामाजिक जीवन, विचारों और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को याद किया गया. उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय के प्रति श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके सामाजिक योगदान को याद किया तथा शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की.