सीएम पद को लेकर सरगर्मी : सांसद पप्पू यादव ने नीतीश के बेटे का किया समर्थन,बोले-सादगी सबसे बड़ी ताकत, बिहार को ऐसे व्यक्ति की जरूरत
दरभंगा:बिहार की राजनीतिक गलियारे में लगातार मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर चर्चाएं तेज हो गई है. दरभंगा पहुंचे पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने राज्य के अगले मुख्यमंत्री को लेकर कई चौंकाने वाले बयान दिए हैं. उन्होंने न केवल वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर कटाक्ष किया बल्कि मुख्यमंत्री पद के लिए एक नए और विनम्र चेहरे की वकालत भी की.
बीजेपी पर निशाना
पप्पू यादव ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी के जिस नेता का नाम मीडिया में चलता है, वह कभी मुख्यमंत्री नहीं बनता. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बिहार का मुख्यमंत्री कौन बनेगा यह बिहार से नहीं बल्कि दिल्ली से तय होता है. जिसे कोई नहीं जानता, अक्सर वही मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठता है.
जनता दल से ही किसी को मुख्यमंत्री बनाना चाहिए
पप्पू यादव ने कहा कि नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री का पद नहीं छोड़ना चाहिए, क्योंकि जनता ने उन्हें जनादेश दिया है. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि यदि वह पद छोड़ते हैं तो उनकी पार्टी जनता दल यूनाइटेड से ही किसी को मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए.
निशांत की सादगी और सरल स्वभाव की तारीफ
वहीं, नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में आने और मुख्यमंत्री बनने की संभावनाओं पर सवाल पूछे जाने पर पप्पू यादव ने सकारात्मक रुख अपनाया है. उन्होंने निशांत की सादगी और स्वभाव की तारीफ करते हुए कहा की निशांत विनम्र हैं. बिहार को आज ऐसे ही व्यक्ति की जरूरत है जो सरल हो, जो जात-पात और हिंदू-मुसलमान की राजनीति से ऊपर उठकर सबको साथ लेकर चल सके. अगर जेडीयू से किसी को मुख्यमंत्री बनना है, तो निशांत कुमार के नाम में कोई हर्ज नहीं है





