महज 1 साल पहले बिहार विधानसभा चुनाव के वक्त सीना चीर कर पीएम मोदी की तस्वीर दिखाने और खुद को मोदी का हनुमान बताने का दावा करते थे। लेकिन मोदी के ये हनुमान अब लालू के साथ जा सकते हैं। जी हां जो चिराग कल तक मोदी का गुणगान करते थे, मुमकिन है अब वो लालू की जय-जयकार करें। कयास है कि आरजेडी के साथ चिराग पासवान जल्द ही गठबंधन कर सकते हैं। इस बात की तस्दीक खुद आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव ने की।

खबरों के मुताबिक बीजेपी से चिराग पासवान मोहभंग हो गया है और अब बिहार में अब आरजेडी के साथ नई पारी खेलेंगे। जल्द ही आरजेडी के साथ चिराग के गठबंधन की संभावना है। लालू ने भी चिराग और तेजस्वी के एक साथ आने की बात कही है। खबरें हैं कि गठबंधन के तहत विधानपरिषद की 24 सीटों का आगामी चुनाव लड़ सकते हैं। कयास ये भी लगाए जा रहे हैं कि आरजेडी ने चिराग को करीब 6 सीटों का ऑफर भी दिया है।

हालांकि इन कयासों को बल और मिला जब लालू से एमएलसी चुनाव में गठबंधन को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होने सीधे कहा कि इसमें क्या दिक्कत है।

एक दिन पहले बक्सर दौरे के दौरान चिराग ने भी गठबंधन के संकेत दिए थे लेकिन चिराग ने कहा कि गठबंधन का फैसला चुनाव के समय लिया जाएगा। तो क्या चिराग का भी इशारा एमएलसी चुनाव की तरफ था।

हालांकि इससे पहले चिराग के पिता रामविलास पासवान और लालू यादव भी 2010 चुनाव के दौरान गठबंधन कर चुके हैं। लेकिन ये गठबंधन चुनावी हार के बाद टूट गया। देखना होगा क्या लालू के बेटे तेजस्वी औऱ रामविलास पासवान के बेटे चिराग की जोड़ी रंग ला पाती है या नहीं।