पटना : बिहार की सियासत में मोकामा और बाढ़ की राजनीति एक बार फिर चर्चा के केंद्र में है. इस बार चर्चा की वजह है 'छोटे सरकार' और 'बड़े सरकार' की नई राजनीतिक पहचान. मोकामा के विधायक अनंत सिंह को उनके समर्थक लंबे समय से छोटे सरकार के नाम से संबोधित करते रहे हैं. वहीं, अब जेडीयू के विधान पार्षद नीरज कुमार के समर्थकों ने उन्हें बड़े सरकार का तमगा देना शुरू कर दिया है.
दरअसल, बाढ़ और पंडारक इलाके में नीरज कुमार के स्वागत के दौरान समर्थकों ने बड़े सरकार जिंदाबाद के नारे लगाए. पंडारक के एक मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद जब नीरज कुमार बाहर निकले तो समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया और उन्हें चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया. इस स्वागत समारोह के बाद बिहार की क्षेत्रीय राजनीति में छोटे सरकार बनाम बड़े सरकार की चर्चा तेज हो गई है.
नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच राजनीतिक तल्खी भी पहले चर्चा में रही है. जनता दल यूनाइटेड ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में अनंत सिंह और पूर्व विधायक नीलम देवी को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था. विधान परिषद चुनाव के दौरान अनंत सिंह ने जन सुराज के उम्मीदवार के समर्थन में प्रचार किया था, जबकि इस चुनाव में नीरज कुमार ने जीत दर्ज की.
दूसरी ओर, अनंत सिंह दुलारचंद यादव हत्याकांड को लेकर भी कानूनी और राजनीतिक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं. सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें एक दिसंबर तक आत्मसमर्पण करने का आदेश दिया है. वहीं, उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त करने की अनुशंसा भी की गई है.
ऐसे राजनीतिक घटनाक्रमों के बीच नीरज कुमार के समर्थकों की ओर से उन्हें बड़े सरकार का संबोधन दिया जाना कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे रहा है. हालांकि समर्थकों के नारों और सम्मान समारोह को राजनीतिक प्रभाव में बदलाव का प्रमाण नहीं माना जा सकता, लेकिन मोकामा-बाढ़ की राजनीति में इस नए संबोधन ने बहस जरूर छेड़ दी है.
अब सवाल यह है कि क्या बड़े सरकार का यह नया संबोधन सिर्फ समर्थकों का उत्साह है या इसके पीछे कोई व्यापक राजनीतिक संदेश भी छिपा है? फिलहाल बिहार की सियासत में छोटे सरकार और बड़े सरकार की चर्चा सुर्खियों में है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
